बिलासपुर। तखतपुर थाना क्षेत्र के जूनापारा चौकी अंतर्गत ग्राम तेंदुआ के पास गुरुवार की रात दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पति-पत्नी और उनकी छह साल की बेटी की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई, जबकि सात साल का बेटा गंभीर रूप से घायल है, जिसे सिम्स रेफर किया गया है।

तखतपुर क्षेत्र के मोहदा नवापारा निवासी किसान जमलेश यादव (40), उनकी पत्नी संतोषी यादव (35) और 13 साल की बेटी अनीषा यादव के साथ बेलपान मेला देखने गए थे। उनके साथ आठ साल का बेटा भी था। मेला घूमने के बाद वे अपनी पत्नी के मायके ग्राम तेंदुआ जा रहे थे। इसी दौरान तेंदुआ के पास मोड़ पर सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार चारों सड़क पर दूर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जूनापारा चौकी पुलिस, कोटा पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल डायल-112 वाहन की मदद से कोटा अस्पताल भेजा गया। कोटा अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद जमलेश यादव, संतोषी यादव और उनकी बेटी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल बालक की हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेज दिया है। शुक्रवार को शवों का पीएम किया जाएगा। मामले की केस डायरी तखतपुर थाने भेजी जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पिकअप ड्राइवर की तलाश जारी
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। कोटा पुलिस ने घटना की सूचना जूनापारा चौकी पुलिस को दी है। इसके बाद जूनापारा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की और दुर्घटनाकारित वाहन की पहचान में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में पिकअप चालक द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना सामने आया है। पुलिस फरार चालक और वाहन की तलाश कर रही है।
प्रधान संपादक


