Explore

Search

February 11, 2026 1:58 am

नाबालिग से दुष्कर्म की सजा काट रहा आरोपी पैरोल पर छुटने के बाद हुआ फरार

बिलासपुर। अपहरण, दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट जैसे गंभीर अपराधों में सजा काट रहा एक आरोपी पैरोल पर रिहा होने के बाद फरार हो गया है। तय अवधि समाप्त होने के बावजूद जेल वापस नहीं लौटने पर जेल प्रबंधन ने इसकी शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के केडार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरभांठा निवासी अनुज जांगड़े (25) को नाबालिग से अपहरण और दुष्कर्म के साथ पाक्सो एक्ट के तहत दोषी ठहराया गया था। न्यायालय ने उसे 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी। सजा के बाद वह लंबे समय से जेल में बंद था। वर्ष 2024 में उसे सारंगढ़ उप जेल से स्थानांतरित कर केंद्रीय जेल भेजा गया, जहां वह अपनी सजा काट रहा था। जेल प्रशासन के अनुसार आरोपी को छह दिसंबर को पैरोल पर अस्थायी रूप से रिहा किया गया था। पैरोल की शर्तों के तहत उसे 21 दिसंबर को निर्धारित समय सीमा के भीतर केंद्रीय जेल में वापस आत्मसमर्पण करना था। लेकिन तय तिथि गुजर जाने के बाद भी वह जेल नहीं पहुंचा। इसके बाद जेल प्रबंधन की ओर से आरोपी और उसके परिजन से संपर्क करने का प्रयास किया गया। मोबाइल फोन के जरिए संपर्क किया गया, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला और न ही परिजनों की ओर से संतोषजनक जानकारी दी गई। पैरोल की शर्तों का उल्लंघन होने पर केंद्रीय जेल प्रबंधन ने पूरे मामले की लिखित शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ फरार होने और पैरोल नियमों के उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और उसके परिजनों व परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS