बिलासपुर। श्री सर्वेश्वरी समूह द्वारा अचानकमार सीमा क्षेत्र के अंतर्गत लोरमी ब्लॉक के खुड़िया छपरवा क्षेत्र स्थित ग्राम सारसडोल, सिवलखार तथा कोटा ब्लॉक के ग्राम करका बैगा पारा और नेवसा में जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच कंबल, साड़ियां एवं बच्चों के लिए गर्म कपड़ों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत परम् पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी एवं परम् पूज्य गुरुपद संभव राम जी के तेल चित्र पर माल्यार्पण, धूप-दीप, पूजन, आरती एवं जयकारों के साथ श्री सर्वेश्वरी समूह सेंदरी कोनी शाखा के मंत्री उमेश नारायण मिश्रा द्वारा की गई। इस अवसर पर उन्होंने श्री सर्वेश्वरी समूह द्वारा देशभर में संचालित 19 सूत्रीय सेवा कार्यक्रमों की जानकारी दी।
मंत्री उमेश नारायण मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी कड़ाके की ठंड को देखते हुए अचानकमार सीमा के अंतर्गत पहाड़ी एवं दूरस्थ वन क्षेत्रों में निवासरत गरीब बैगा जनजाति तथा असहाय पहाड़ी कोरवा परिवारों के महिला, पुरुष एवं बच्चों को सहायता प्रदान की गई। द्वितीय चरण में कुल 310 कंबल, 50 नई साड़ियां तथा 50 छोटे बच्चों को नए गर्म कपड़े वितरित किए गए। इसके साथ ही स्वच्छ एवं कीटाणुमुक्त किए गए पुराने वस्त्रों का भी वितरण बुजुर्गों, महिलाओं एवं बच्चों के बीच किया गया।
कंबल एवं गर्म वस्त्र प्राप्त कर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की और श्री सर्वेश्वरी समूह के जयकारे लगाए।
उन्होंने आगे बताया कि युवा संगठन बिलासपुर द्वारा प्रथम चरण में 21 दिसंबर को कोटा ब्लॉक के ग्राम बगधरा एवं गौरखुरी में बैगा जनजाति के बीच 122 कंबलों का वितरण किया गया था। वर्ष 2025 में अब तक श्री सर्वेश्वरी समूह बिलासपुर द्वारा कुल 432 कंबलों का वितरण किया जा चुका है।
कार्यक्रम में शाखा मंत्री उमेश नारायण मिश्रा, कोषाध्यक्ष राकेश दीक्षित सहित सदस्य संजय सराफ, संजय मालगे अजय दुबे अभिजीत तिवारी आंजल मिश्रा, भगवानदास, खेलावन राम ध्रुव, धर्मेंद्र श्रीवास आजूराम मरकाम दिनेश विश्वकर्मा कृष्णा तंबोली शिव यादव कृष्णकुमार पांडेय तथा महिला संगठन से आशा मिश्रा अलका तिवारी किरण दीक्षित पूर्णिमा विश्वकर्मा एवं मधु माण्डेय उपस्थित रहीं।
इस सेवा कार्य में अचानकमार टाइगर रिजर्व के मुख्य वन संरक्षक अभिषेक सिंह, रेंजर यादव एवं सरिता पैकरा का विशेष सहयोग रहा। अंत में परम् पूज्य अघोरेश्वर एवं परम् पूज्य गुरुपद संभव राम जी के तेल चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
प्रधान संपादक

