Explore

Search

March 23, 2026 12:47 pm

शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर महिला से 1.40 लाख की ठगी

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला महावीर नगर में रहने वाली एक महिला को शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक लाख 40 हजार रुपये की ठगी कर ली। महिला को अनजान लिंक के माध्यम से वाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां खुद को शेयर बाजार का गाइड बताने वाला व्यक्ति निवेश के निर्देश देता था। ग्रुप में लगातार मुनाफे के दावे किए जाने से प्रभावित होकर महिला ने अलग-अलग किस्तों में रकम निवेश की। बाद में ठगी का एहसास होने पर महिला ने शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मंगला के महावीर नगर में रहने वाली श्रद्धा मिश्रा (49) ने पुलिस को बताया कि 18 मार्च 2024 को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से मैसेज के माध्यम से लिंक आया था। लिंक को टच करते ही वे एक वाट्सएप ग्रुप में जुड़ गईं। इस ग्रुप में एक व्यक्ति खुद को शेयर ट्रेडिंग का विशेषज्ञ और गाइड बताकर सदस्यों को निवेश से जुड़े निर्देश देता था। ग्रुप में जुड़े कुछ अन्य सदस्य भी नियमित रूप से बताए गए शेयरों में निवेश करने पर मुनाफा होने के स्क्रीनशॉट और मैसेज करते थे। इनसे प्रभावित होकर श्रद्धा मिश्रा ने 10 अप्रैल को पहली बार 20 हजार रुपये निवेश किए। इसके बाद ग्रुप के निर्देशों पर विश्वास करते हुए उन्होंने अलग-अलग दिनों में चार बार में कुल एक लाख 40 हजार रुपये संबंधित खातों में जमा कर दिए। कुछ समय बाद जब महिला ने निवेश की गई राशि और मुनाफा निकालने का प्रयास किया, तो उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। तब जाकर उन्हें यह अहसास हुआ कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुकी हैं। महिला ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद साइबर सेल की मदद से ठगों के खातों में भेजे गए 50 हजार रुपये को होल्ड करा दिया गया। पुलिस द्वारा न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत करने की सलाह दिए जाने पर महिला ने न्यायालय में आवेदन लगाया। न्यायालय के आदेश के बाद होल्ड की गई 50 हजार रुपये की राशि महिला को वापस मिल गई। बची रकम अब भी वापस नहीं मिल पाई है। बाकी राशि की रिकवरी के लिए महिला ने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लोगों से अपील की है कि वे अनजान लिंक, वाट्सएप ग्रुप और ऑनलाइन निवेश के झांसे से सावधान रहें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS