Explore

Search

December 20, 2025 6:57 pm

सूने मकान में चोरों का धावा, सोने के जेवर और नकदी पार

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के विकास नगर में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने घर का ताला तोड़कर भीतर रखे सोने के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

सिविल लाइन पुलि से मिली जानकारी के अनुसार मुंगेली जिले के फास्टरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़े पवनी की निवासी श्रद्धा सिंह ठाकुर (45) गृहणी हैं। उनका सिविल लाइन क्षेत्र के विकास नगर में भी मकान है, जहां वे अपने परिवार के साथ रहती हैं। श्रद्धा सिंह ठाकुर ने पुलिस को बताया कि दो दिसंबर को वे अपने पति के साथ घरेलू कार्य से अपने गांव पवनी गई थीं। जाने से पहले उन्होंने विकास नगर स्थित मकान में ताला लगाकर घर बंद कर दिया था। घर में रखी आलमारी में एक सोने का हार, एक सोने की अंगूठी तथा कुछ नगद राशि सुरक्षित रखी गई थी। करीब 11 दिन बाद 13 दिसंबर को उनके मकान में किराए से रहने वाले आलेख गुप्ता ने उन्हें फोन कर जानकारी दी कि उनके मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही श्रद्धा सिंह ठाकुर अपने पति के साथ तत्काल विकास नगर स्थित मकान पहुंचीं। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और भीतर का सामान अस्त-व्यस्त हालत में पड़ा था। आलमारी भी खुली हुई थी और सामान बिखरा हुआ था। पीड़िता ने बताया कि जब उन्होंने आलमारी की जांच की तो उसमें रखा एक नग सोने का हार और एक नग सोने की अंगूठी गायब थी। चोरी गए सोने के जेवरों का कुल वजन लगभग एक से डेढ़ तोला के बीच बताया जा रहा है। इसके अलावा 10-10 रुपये की गड्डियों में रखे गए करीब एक हजार रुपये नकद भी चोर अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने मोहल्ले में लगे कई सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS