Explore

Search

December 20, 2025 6:47 pm

गुमला से ला रहे 40 क्विंटल अवैध धान को जशपुर पुलिस ने किया जब्त, दो पिकअप वाहन पकड़े गए

अब तक जशपुर जिले में झारखंड एवं उड़ीसा से अवैध रूप से धान ला रहे 05 ट्रक, 17 पिकअप वाहन एवं एक ट्रैक्टर से कुल 1451 क्विंटल धान जब्त

जशपुर।छत्तीसगढ़ में धान खरीदी सीजन के दौरान सरहदी राज्यों से हो रही अवैध धान आमद पर जशपुर पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है। इसी क्रम में थाना लोदाम क्षेत्र अंतर्गत शंख नदी पुल के पास पुलिस ने दो पिकअप वाहनों से 40 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। पुलिस ने मौके से दोनों वाहनों को पकड़कर धान को आगे की कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंप दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 13 दिसंबर की रात लगभग 9 बजे लोदाम पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान झारखंड सीमा से लगे शंख नदी पुल के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रही दो पिकअप वाहन क्रमांक JH-01-FD-3309 एवं JH-01-EU-0967 को रोका गया। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से कुल 96 बोरियों में भरा 40 क्विंटल धान बरामद किया गया।

पुलिस पूछताछ में वाहन चालकों ने अपने नाम साजिद आलम (27 वर्ष), निवासी गुलाम आजाद बस्ती, गुमला एवं जिसान आलम (25 वर्ष), निवासी ग्राम पिस्का, नगड़ी, जिला रांची बताया। चालकों ने धान झारखंड के सिसई एवं नागफनी क्षेत्र से लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की जानकारी दी, हालांकि धान के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों पिकअप वाहनों सहित धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया।

जप्त धान की अनुमानित कीमत लगभग 92 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, अब तक जशपुर जिले में झारखंड एवं उड़ीसा से अवैध रूप से धान ला रहे 05 ट्रक, 17 पिकअप वाहन एवं एक ट्रैक्टर से कुल 1451 क्विंटल धान पकड़ा जा चुका है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, आरक्षक हरिशंकर केवट एवं धनसाय राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि सरहदी राज्यों से अवैध रूप से धान ला रहे बिचौलियों पर जशपुर पुलिस की कड़ी नजर है। अवैध धान परिवहन के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS