बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात चोरी की घटना को अंजाम देकर भाग रहे एक युवक को गश्त कर रहे जवानों ने पीछा कर पकड़ लिया। युवक के पास से सोने-चांदी के गहने, नकदी और सिक्के बरामद हुए हैं। पूछताछ में उसने देवेंद्र नगर स्थित एक शिक्षक के सूने मकान में चोरी करना कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सिविल लाइन सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि सोमवार की रात पुलिस टीम नियमित गश्त पर निकली थी। इसी दौरान अमेरी के शांति नगर इलाके में एक युवक पुलिस को देखकर अचानक तेजी से भागने लगा। शक होने पर जवानों ने उसका पीछा किया। कुछ दूरी तक दौड़ाने के बाद पुलिस ने सकरी के अटल आवास में रहने वाले संजय ध्रुव को पकड़ लिया। मौके पर की गई तलाशी में उसके पास सोने-चांदी के जेवर, नकदी रकम और कई सिक्के मिले। सामान की मात्रा और उसकी गतिविधि पर जवानों को चोरी का संदेह और गहरा गया। पुलिस पूछताछ में शुरू में संजय गोलमोल जवाब देता रहा, लेकिन कड़ाई करने पर उसने देवेंद्र नगर के एक सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर मौके पर पहुंची। घर मालिक चंद्रभान सिंह ठाकुर, जो पेशे से शिक्षक हैं, उस समय पहली मंजिल के कमरे में मौजूद थे। उन्होंने बताया कि भूतल की रिपेयरिंग चल रही है, इसलिए वे फिलहाल ऊपर के हिस्से में रहते हैं। पुलिस ने पूरी घटना की जानकारी देते हुए उन्हें बरामद किए गए सामान दिखाए। शिक्षक ने गहनों और नकदी की पहचान कर चोरी की पुष्टि कर दी।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सबूत जुटाए और आरोपी को थाने लाकर शिक्षक चंद्रभान सिंह ठाकुर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी संजय ध्रुव इलाके में ताले तोड़कर चोरी करने की फिराक में घूम रहा था। गश्त के दौरान उसकी संदिग्ध हरकतों पर समय रहते नजर पड़ने के कारण बड़ी वारदात को रोका जा सका।
प्रधान संपादक





