रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की जनहितकारी सोच तथा परिवहन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के भरतपुर ब्लॉक में ग्रामीण बस सेवा के तहत नई बसों का शुभारंभ किया गया। ग्रामीण परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

परिवहन मंत्री श्री कश्यप के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ग्रामीण अंचलों में सुरक्षित, सुगम और नियमित परिवहन उपलब्ध कराने के प्रयास लगातार जारी रखे हुए है। ग्रामीण बस सेवा उसी संकल्प का परिणाम है, जिससे दूरस्थ गांवों को मुख्य मार्गों एवं शहरी क्षेत्रों से जोड़ने में नई गति मिली है।
नई बस सेवा के शुरू होने से भरतपुर तथा आसपास के गांवों के विद्यार्थियों, महिलाओं, मजदूरों एवं आम नागरिकों को अब नियमित परिवहन सुविधा प्राप्त होगी। विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने में आसानी होगी, महिलाएं अस्पताल, बाज़ार और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए निर्बाध यात्रा कर सकेंगी, वहीं मजदूर वर्ग को रोजगार स्थलों तक पहुँचने में समय और सुविधा दोनों मिलेंगे।

बसों को हरी झंडी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में दिखाकर रवाना किया गया। बस सेवा शुरू होते ही ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोगों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सेवा उनकी वास्तविक जरूरतों की पूर्ति करेगी।
सरकार का यह कदम केवल परिवहन व्यवस्था का विस्तार नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा, गांव-शहर संपर्क बढ़ेगा तथा विकास कार्यों की रफ्तार और तेज होगी। मुख्यमंत्री साय की प्रतिबद्धता व प्रशासन के समन्वित प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार निरंतर जारी है।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष माया प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष हीरालाल मौर्य, जनपद सदस्य सुखलाल मरावी, नगर पंचायत अध्यक्ष कौशल पटेल, उपाध्यक्ष निलेश मिश्रा, जनपद सीईओ, परिवहन अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक





