Explore

Search

November 17, 2025 12:10 pm

दुर्गा विसर्जन के लिए गई महिला, चोरों ने उड़ाए सोने-चांदी के जेवर

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम भरनी में दुर्गा विसर्जन की झांकी देखने गई महिला के घर में चोरों ने दिनदहाड़े धावा बोल दिया। आधे घंटे की इस वारदात में चोर मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के कीमती जेवर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।



पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भरनी निवासी शशि श्रीवास गृहणी हैं। उनके घर पर बेटी और दामाद भी साथ रहते हैं। शुक्रवार को मोहल्ले में दुर्गा विसर्जन की झांकी निकाली जा रही थी। इसी दौरान महिला की बेटी और दामाद घर से झांकी देखने के लिए निकले। शाम करीब चार बजे तक वे घर नहीं लौटे तो शशि श्रीवास उन्हें देखने गांव के तालाब की ओर गईं। वहां बेटी-दामाद के नहीं मिलने पर वह करीब आधे घंटे बाद वापस लौटीं। घर लौटते ही उन्होंने देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ है। घबराई महिला ने तत्काल आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। थोड़ी देर बाद उनकी बेटी और दामाद भी मौके पर आ गए। इसके बाद सभी ने मिलकर घर का दरवाजा खोला। घर के अंदर का नजारा देख सबके होश उड़ गए। कमरे में रखे बाक्स को चोरों ने खंगाल डाला था। उसमें रखे सोने का लॉकेट, चांदी की पायल, बिछिया समेत अन्य जेवरात गायब थे। घटना की खबर फैलते ही मोहल्ले में लोग इकट्ठा हो गए और आक्रोश व्यक्त करने लगे। लोगों ने कहा कि त्योहारों के मौके पर दिनदहाड़े चोरी होना इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। परिजन ने तुरंत घटना की शिकायत सकरी थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी पकड़ लिए जाएंगे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS