Explore

Search

September 1, 2025 5:26 pm

Advertisement Carousel

पूर्व सरपंच के घर आगजनी के बाद फरार आरोपित दो साल बाद गिरफ्तार

बिलासपुर। सीपत पुलिस ने दो साल से फरार चल रहे एक आदतन बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। यह वही आरोपित है, जिसने ग्राम कौड़िया के पूर्व सरपंच के घर में घुसकर गाली-गलौज करने के बाद मकान में आग लगा दी थी। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने उसे जेल दाखिल करा दिया है।



एएसपी राजेंद्र जायसवाल ने बताया कि पुलिस टीम रविवार को क्षेत्र के गुंडे-बदमाशों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम कौड़िया निवासी आरोपित अपने घर पर मौजूद है। तत्काल दबिश दी गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, दो साल पहले आरोपित ने ग्राम कौड़िया में रहने वाले पूर्व सरपंच धर्मेंद्र श्रीवास्तव के घर पर हमला किया था। घटना के दौरान उसने सरपंच से विवाद करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उसने सरपंच के मकान में आग भी लगा दी थी। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया था। सरपंच के परिजन किसी तरह जान बचाकर बाहर निकले थे। आगजनी में घर का सामान जलकर खाक हो गया था। इस वारदात के बाद से ही आरोपित फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उसके खिलाफ न सिर्फ आगजनी और मारपीट का प्रकरण दर्ज किया गया था, बल्कि न्यायालय ने उसके विरुद्ध तीन स्थायी वारंट भी जारी किए थे। इसके अलावा, आरोपी पर मारपीट और विवाद से जुड़े दो अन्य आपराधिक मामले भी पहले से दर्ज हैं। सीपत पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन वह हर बार गिरफ्तारी से बच निकलता था। आखिरकार रविवार को दबिश देकर उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया। सुनवाई के बाद न्यायालय ने उसे जेल भेजने के आदेश दिए।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

CRIME NEWS

BILASPUR NEWS