Explore

Search

February 4, 2026 4:01 am

एसएसपी के निर्देश पर ऑपरेशन-सुरक्षा अभियान: 1500 वाहन चालकों को दी गई समझाइश, जरूरतमंद को दिया गया हेलमेट


दुर्ग छत्तीसगढ़ ।यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे ऑपरेशन-सुरक्षा अभियान के तहत रविवार को जिले के 10 प्रमुख चौक-चौराहों में यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष कार्रवाई की गई। इस दौरान करीब 1500 वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन को लेकर समझाइश दी गई।
अभियान के दौरान विशेष रूप से दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट पहनने के फायदे समझाए गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में हेलमेट व सीट बेल्ट व्यक्ति को गंभीर चोट या मौत से बचा सकते हैं। बिना हेलमेट बाइक चला रहे वाहन चालकों का चालान काटते हुए उन्हें मौके पर हेलमेट भी वितरित किए गए।


अभियान के अंतर्गत पुलिस चार प्रमुख बिंदुओं पर काम कर रही है। सड़कों और चौक-चौराहों की तकनीकी खामियों को सुधारना, अतिक्रमण हटाना, सड़क दुर्घटनाओं के कारणों काे समझकर जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई करना और वाहन चालकों को जागरूक करना। इसी क्रम में नगर निगम के सहयोग से इंदिरा मार्केट क्षेत्र में सड़क पर अवैध निर्माण व अतिक्रमण हटाया गया ताकि वहां यातायात बाधित न हो। इसके अलावा हाईवे पेट्रोलिंग टीम द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवरब्रिज के नीचे खड़े वाहनों को हटाने की कार्रवाई जारी रही। पुलिस का उद्देश्य जिले की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और दुर्घटनामुक्त बनाना है। यातायात विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क पर सुरक्षा के सभी नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS