Explore

Search

September 8, 2026 9:53 pm

बिलासपुर हाई कोर्ट को मिले तीन नए जज

राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद कानून मंत्रालय ने जारी की अधिसूचना

CBN36 बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट, बिलासपुर और प्रदेशवासियों के लिए अच्छी खबर है। हाई कोर्ट को तीन नए न्यायाधीश मिल गए हैं। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की अनुशंसा के बाद राष्ट्रपति ने तीनों नियुक्तियों को मंजूरी दे दी है। राष्ट्रपति की मंजूरी मिलते ही केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय ने नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी कर दी।

तीनों न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में की गई है। नियुक्ति उनके संबंधित पद का कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी।

कॉलेजियम ने 18 अगस्त को दी थी मंजूरी

बता दें कि सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 18 अगस्त 2026 को आयोजित अपनी बैठक में छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में तीन न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। कॉलेजियम की अनुशंसा के बाद नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ी और अब राष्ट्रपति की स्वीकृति के पश्चात कानून मंत्रालय ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।

ये तीन न्यायिक अधिकारी बने हाई कोर्ट के जज

छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किए गए तीन न्यायिक अधिकारियों के नाम हैं—

  • संतोष शर्मा
  • सुषमा सावंत
  • सुधीर कुमार

इन तीनों की नियुक्ति से हाई कोर्ट में न्यायिक कार्यों के संचालन को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

बेंच कोटे से तीन नामों को मिली मंजूरी

जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट प्रशासन की ओर से न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए बेंच और बार कोटे से पांच-पांच नामों का प्रस्ताव सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम को भेजा गया था। कॉलेजियम ने प्रथम चरण में बेंच कोटे से भेजे गए न्यायिक अधिकारियों में से तीन नामों की नियुक्ति की अनुशंसा की, जिसे अब राष्ट्रपति की मंजूरी मिल चुकी है।

बार कोटे के नामों पर भी जल्द हो सकता है विचार

वहीं, बार कोटे से भेजे गए अधिवक्ताओं के नामों पर अभी निर्णय होना बाकी है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम बार कोटे से भेजे गए नामों पर भी विचार कर सकता है। इससे हाई कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या और मजबूत होने की उम्मीद है।

कानून मंत्रालय ने जारी की अधिसूचना

भारत सरकार के कानून एवं न्याय मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि संविधान के अनुच्छेद 217 के खंड (1) द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए राष्ट्रपति ने संतोष शर्मा, सुषमा सावंत और सुधीर कुमार को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति संबंधित पद का कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS