CBN36 जशपुर। थाना आस्ता क्षेत्र के ग्राम हर्री में 55 वर्षीय धनमनी बाई की हत्या की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा ली। पुलिस ने हत्या के आरोपी अवधेश राम उर्फ गुटका (30), निवासी ग्राम कोमडो, थाना सिटी कोतवाली जशपुर को झारखंड के रायडीह से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टांगिया भी बरामद किया गया है।
सीएसपी निमितेश सिंह के मुताबिक 3 सितंबर को धनमनी बाई घर पर अकेली थी। उसका पति मवेशी चराने जंगल गया था। शाम करीब 6 बजे लौटने पर उसने धनमनी बाई को घर के अंदर जमीन पर गंभीर अवस्था में पड़ा देखा। उसके चेहरे और सिर पर चोट के निशान थे। पास ही टांगिया पड़ा हुआ था। महिला की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर आस्ता पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस ने परिजनों तथा गवाहों से पूछताछ की। जांच के दौरान अवधेश राम के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। वह कुछ दिन पहले मृतिका के घर आया था और वहां विवाद भी हुआ था।
पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन वह अपने गांव में नहीं मिला। तकनीकी सहायता से उसकी लोकेशन ट्रेस की गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने रायडीह, झारखंड पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर जशपुर लाया।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी मृतिका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था। बेटी द्वारा उससे बातचीत करने से मना करने पर वह नाराज था। इसी बात को लेकर वह मृतिका के घर पहुंचा। मृतिका ने उसे अपनी बेटी को परेशान करने और उससे बातचीत करने से मना किया, जिससे आरोपी आवेश में आ गया। उसने घर में रखे टांगिया से धनमनी बाई के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी अवधेश राम उर्फ गुटका को गिरफ्तार कर 5 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले में पुलिस की आगे की विवेचना जारी है।
प्रधान संपादक




