Explore

Search

November 14, 2026 10:52 am

कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास ने नई दिल्ली की राष्ट्रीय बैठक में उठाई पिछड़े और कामगार समाजों की भागीदारी की मांग

कर्पूरी ठाकुर फॉर्मूला लागू करने और सत्ता-संगठन में कामगार जातियों को प्रतिनिधित्व देने की मांग

CBN36 नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक तथा आंध्र प्रदेश प्रभारी त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में आयोजित भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में भाग लिया। बैठक में संगठन और समाज के विभिन्न वंचित एवं पिछड़े वर्गों की राजनीतिक भागीदारी सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

बैठक में प्रमुख रूप से के. राजू, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जय हिंद, अल्पसंख्यक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी तथा वरिष्ठ नेता हनुमंत राव सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं नेता उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने देश के पिछड़े वर्गों को व्यापक राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पूरे देश में पिछड़ा वर्ग के लिए कर्पूरी ठाकुर फॉर्मूला लागू किया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कामगार एवं अपेक्षाकृत कम प्रतिनिधित्व वाले समाजों को कांग्रेस के संगठन और सत्ता में उचित भागीदारी देने की मांग रखी।

श्रीवास ने कहा कि सामाजिक न्याय तभी सार्थक होगा, जब समाज के सभी वर्गों को उनकी संख्या, योगदान और सामाजिक भूमिका के अनुरूप राजनीतिक एवं संगठनात्मक प्रतिनिधित्व मिले। उन्होंने कांग्रेस संगठन में जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं और कामगार समाजों की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता भी बताई।

त्रिलोक श्रीवास की मांगों पर के. राजू और डॉ. अनिल जय हिंद सहित उपस्थित वरिष्ठ नेताओं ने सहमति व्यक्त की। वरिष्ठ नेताओं ने उनकी मांगों को कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व एवं राहुल गांधी के समक्ष रखने तथा इन विषयों पर आगे आवश्यक पहल किए जाने की बात कही।

बैठक के दौरान कांग्रेस नेता पंडित जितेंद्र शर्मा ‘जित्तू’, चरण सिंह राज और अनिल सिंह कुशवाहा सहित अन्य नेता एवं पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

त्रिलोक चंद्र श्रीवास द्वारा राष्ट्रीय स्तर की बैठक में पिछड़े, अति पिछड़े और कामगार समाजों की राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा उठाए जाने को कांग्रेस के भीतर सामाजिक प्रतिनिधित्व को लेकर महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS