Explore

Search

September 6, 2026 11:55 am

ज्ञानदीप विद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस

विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से शिक्षकों के प्रति जताया सम्मान और आभार

CBN36 बिलासपुर। ज्ञानदीप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं भारत के महान शिक्षाविद् तथा पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।

विद्यालय के प्रधान प्राचार्य डॉ. अखिलेश कटकवार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक केवल विषय का ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने वाला मार्गदर्शक होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम, संस्कार और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक का सम्मान भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा है और विद्यार्थियों की सफलता ही शिक्षक के लिए सबसे बड़ा सम्मान है।

डॉ. कटकवार ने विद्यार्थियों को नवाचार के प्रति जागरूक रहने तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सूचना प्रौद्योगिकी के बदलते दौर में स्वयं को निरंतर अपडेट रखने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी श्री देव कश्यप ने भी शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के विकास का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों का सम्मान करने के साथ शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन में अपनाने की अपील की।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने गीत, कविता, भाषण, नृत्य और नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। हर्ष, रत्नाकर, आयुषी, तौसीफ अली, अनन्या राठौड़, हर्षित, आस्था, नेहा, दीपांजलि और मानव सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरु-शिष्य संबंध की महत्ता, शिक्षक के प्रति सम्मान और शिक्षा के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिसर में पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उमंग और सम्मान का वातावरण बना रहा।

अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS