Explore

Search

November 25, 2026 5:55 pm

वेजरॉन इंडस्ट्रीज प्लांट से कॉपर ट्यूब चोरी, मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार

क्रेन की मदद से प्लांट की दीवार के बाहर फेंकी थी कॉपर ट्यूब, कबाड़ियों को बेचकर कमाए थे रुपये

पूंजीपथरा पुलिस ने करीब 15 किलो चोरी की कॉपर ट्यूब की बरामद, तीनों आरोपियों को भेजा जेल

Cbn36 रायगढ़, 25 नवंबर। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के चिराईपानी स्थित वेजरॉन इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड प्लांट से कॉपर ट्यूब चोरी करने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी करने वाला पूर्व क्रेन ऑपरेटर, चोरी के माल को बेचने में सहयोग करने वाला ऑटो चालक और चोरी की संपत्ति खरीदने वाला कबाड़ी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15 किलोग्राम कॉपर ट्यूब बरामद की है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, वेजरॉन इंडस्ट्रीज के जनरल मैनेजर दीप मुखर्जी ने 24 नवंबर को पूंजीपथरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि प्लांट से करीब 20 किलोग्राम वजन की कॉपर ट्यूब गायब है, जिसकी कीमत लगभग 45 हजार रुपये है। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 310/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि इंदिरा आवास पूंजीपथरा निवासी नित्यानंद राठिया चोरी की कॉपर ट्यूब का कुछ हिस्सा लेकर ऑटो चालक के साथ रायगढ़ की ओर बिक्री करने जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी नित्यानंद ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह करीब दो माह पहले वेजरॉन प्लांट में क्रेन ऑपरेटर के रूप में काम करता था। इसी दौरान 2 अक्टूबर की रात उसने क्रेन की सहायता से प्लांट में रखी करीब 20 किलो कॉपर ट्यूब को उठाकर पीछे की दीवार के बाहर फेंक दिया था। अगले दिन आरी ब्लेड से ट्यूब को छोटे-छोटे हिस्सों में काटकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया था।

इसके बाद उसने चोरी की कॉपर ट्यूब का कुछ हिस्सा अलग-अलग कबाड़ियों को बेच दिया। वहीं करीब 5 किलो कॉपर ट्यूब रायगढ़ के ऑटो चालक विकास उर्फ पतालू की मदद से पूछापारा निवासी कबाड़ी लक्ष्मी प्रसाद महेश को 5 हजार रुपये में बेची थी। इस सौदे में ऑटो चालक को 2 हजार रुपये दिए गए थे। शेष बची कॉपर ट्यूब को बेचने के लिए भी आरोपी ऑटो से रायगढ़ जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से करीब 15 किलो कॉपर ट्यूब बरामद की। इसमें मुख्य आरोपी के बताए स्थान से करीब 5 किलो, कबाड़ी लक्ष्मी प्रसाद के कब्जे से करीब 5 किलो और ऑटो में लोड करीब 5 किलो कॉपर ट्यूब शामिल है। चोरी की संपत्ति होने की जानकारी के बावजूद कॉपर ट्यूब खरीदने पर कबाड़ी के खिलाफ प्रकरण में धारा 317(2) बीएनएस भी जोड़ी गई।

पुलिस ने मुख्य आरोपी नित्यानंद राठिया (25 वर्ष), निवासी छोटेपाली इंदिरा आवास पूंजीपथरा, कबाड़ी लक्ष्मी प्रसाद महेश (38 वर्ष), निवासी पूछापारा गायत्री नगर रायगढ़ तथा ऑटो चालक विकास उर्फ पतालू सहिस (28 वर्ष), निवासी जोगीडीपा रायगढ़ को गिरफ्तार कर 24 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज देवांगन, प्रधान आरक्षक पारसमणी बेहरा सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS