
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 में महिमा और कामनी ने लोकपरंपरा को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से किया प्रस्तुत
CBN36 बिलासपुर। लोकसंस्कृति केवल हमारी परंपराओं और रीति-रिवाजों की पहचान ही नहीं, बल्कि उसमें विज्ञान का गहरा ज्ञान भी समाहित है। इसी सोच को साकार करते हुए जूना बिलासपुर की दो होनहार बेटियों कुमारी महिमा और कुमारी कामनी ने राउत नाचा की लोकपरंपरा में छिपे वैज्ञानिक तथ्यों को अपने अनूठे प्रोजेक्ट के माध्यम से सामने लाने का सराहनीय प्रयास किया है।
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 के लिए तैयार उनके प्रोजेक्ट ‘राउत नाचा : पशुधन प्रबंधन और लोक-संस्कृति का वैज्ञानिक अध्ययन’ ने भारतीय पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक विज्ञान के बीच एक रोचक संबंध प्रस्तुत किया है।
छात्राओं ने राउत नाचा से जुड़ी विभिन्न परंपराओं का वैज्ञानिक अध्ययन किया। दीपावली के बाद गायों के गले में बांधी जाने वाली सोहाई (पलाश की छाल), पशुओं में खुरपका-मुंहपका जैसी बीमारियों के पारंपरिक उपचार में हल्दी और नीम के उपयोग, कंठली एवं लाठी की ध्वनि तथा त्योहार के अवसर पर बनाई जाने वाली विशेष खिचड़ी के माध्यम से पशु स्वास्थ्य, ध्वनि विज्ञान और पोषण विज्ञान के पहलुओं को समझने का प्रयास किया।

इस प्रोजेक्ट का उपकथानक ‘सतत विकास हेतु भारतीय ज्ञान प्रणाली का अनुप्रयोग’ रखा गया, जिसके माध्यम से छात्राओं ने यह संदेश दिया कि हमारी लोकपरंपराओं में पीढ़ियों से संचित ज्ञान का वैज्ञानिक अध्ययन कर उसे समाज और पर्यावरण के हित में उपयोगी बनाया जा सकता है।
इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक प्रयास में गाइड मैडम एवं प्रधानपाठक श्रीमती सीमा चतुर्वेदी का विशेष मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन रहा।
महिमा और कामनी की यह पहल न केवल जूना बिलासपुर के लिए गौरव का विषय है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि यदि बच्चों को सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो वे अपनी लोकसंस्कृति में भी विज्ञान की नई संभावनाएं तलाश सकते हैं।
CBN36 परिवार की तरफ से महिमा और कामनी की इस नवाचारी सोच, मेहनत और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।
प्रधान संपादक