Explore

Search

November 22, 2026 5:28 pm

मानव तस्करी और घरेलू हिंसा से महिलाओं के संरक्षण पर आज राज्य स्तरीय कार्यशाला

राज्यपाल रमेन डेका करेंगे शुभारंभ, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में होगा समापन

Cbn36 रायपुर, 22 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा राष्ट्रीय महिला आयोग के सहयोग तथा पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सह-आयोजन में 23 नवंबर को मानव तस्करी और महिलाओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण विषय पर राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय सभागार में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित इस कार्यशाला में विभिन्न विभागों और संस्थाओं के करीब 500 प्रतिनिधि शामिल होंगे।

कार्यशाला का शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका करेंगे, जबकि समापन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में होगा। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला तथा छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू सहित अनेक अतिथि उपस्थित रहेंगे।

कार्यशाला में मानव तस्करी और घरेलू हिंसा से संबंधित कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, पुलिस की भूमिका, जांच एवं कार्रवाई की प्रक्रिया तथा पीड़ित महिलाओं को संरक्षण और सहायता उपलब्ध कराने के उपायों पर विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे।

पहले तकनीकी सत्र में छत्तीसगढ़ में मानव तस्करी की चुनौतियों और उससे निपटने के उपायों पर चर्चा होगी। इस सत्र की अध्यक्षता पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम करेंगे। इसमें सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता एवं शक्ति वाहिनी के संस्थापक रविकांत सहित न्यायिक अधिकारी और विशेषज्ञ शामिल होंगे।

दूसरे सत्र में घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की जाएगी। इसकी अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव करेंगी। वहीं तीसरे सत्र में शैक्षणिक और मनोसामाजिक दृष्टिकोण से महिलाओं की सुरक्षा एवं संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर मंथन होगा।

कार्यशाला में पुलिस, न्यायपालिका, विधिक सेवा प्राधिकरण, महिला एवं बाल विकास विभाग, उच्च शिक्षा संस्थानों, स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधि, विधि के विद्यार्थी और परामर्शदाता भाग लेंगे।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य मानव तस्करी और घरेलू हिंसा से प्रभावित महिलाओं को समय पर न्याय, सुरक्षा और सहायता उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के बीच समन्वय मजबूत करना तथा कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के व्यावहारिक उपाय तलाशना है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS