चेक में ओवरराइटिंग कर बढ़ाई गई रकम, मिलीभगत से किया गया अतिरिक्त आहरण; प्रार्थी भी निकला मामले में शामिल
CBN36 बिलासपुर। सेवा सहकारी समिति मर्यादित गुमा क्रमांक-63 में चेकों की राशि में कथित छेड़छाड़ कर 3 लाख 38 हजार रुपये के फर्जीवाड़े का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले में बिल्हा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा बिल्हा के दो कर्मचारियों और समिति के प्राधिकृत अधिकारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजकुमार बरगाह ने 26 सितंबर 2026 को थाना बिल्हा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि समिति की कार्यवाही में तीन चेकों के माध्यम से क्रमशः 51,900 रुपये, 1,82,080 रुपये और 80,150 रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। लेकिन आरोप है कि चेकों पर हस्ताक्षर होने के बाद उनमें ओवरराइटिंग और कूटरचना कर स्वीकृत राशि को बढ़ाकर क्रमशः 89,900 रुपये, 2,82,080 रुपये और 2,80,150 रुपये कर दिया गया।
इस तरह स्वीकृत राशि से कुल 3 लाख 38 हजार रुपये अतिरिक्त निकालकर आर्थिक अनियमितता को अंजाम दिया गया। इतना ही नहीं, समिति के कार्यवाही प्रस्तावों में भी कथित तौर पर छेड़छाड़ किए जाने की बात जांच में सामने आई।
जांच में खुली मिलीभगत की परतें
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने पाया कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा बिल्हा के लेखापाल ऋषिकेश पाण्डेय ने कथित रूप से कूटरचित चेकों को पास कर हस्ताक्षर किए, जबकि कैशियर संजय सिंह बघेल ने चेकों को निरस्त करने के बजाय उनके आधार पर नकद राशि का भुगतान कर दिया।
वहीं, समिति के प्राधिकृत अधिकारी एवं सह-अध्यक्ष राजकुमार बरगाह की भूमिका भी संदेह के दायरे में आई। पुलिस के अनुसार, चेक और कार्यवाही प्रस्ताव में की गई काट-छांट की जांच नहीं की गई। जांच में यह भी सामने आया कि तत्कालीन समिति प्रबंधक शरद कश्यप की मृत्यु के करीब 15 दिन बाद शिकायत दर्ज कराते हुए जिम्मेदारी मृतक प्रबंधक और बैंक कर्मचारियों पर डालने का प्रयास किया गया था।
पुलिस ने मामले में आपराधिक षड्यंत्र और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने का अपराध पाए जाने पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पहले दो अधिकारियों को मिल चुकी है अग्रिम जमानत
इस प्रकरण में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा बिल्हा के सुपरवाइजर हितेश सलूजा और शाखा प्रबंधक लक्ष्मण कौशिक को माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर से अग्रिम जमानत प्राप्त हुई थी। न्यायालय के आदेश के पालन में पुलिस ने 21 अक्टूबर 2026 को दोनों को गिरफ्तार कर जमानत मुचलके पर रिहा किया था।
तीन आरोपी गिरफ्तार
- ऋषिकेश पाण्डेय (46 वर्ष), जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा बिल्हा।
- संजय सिंह बघेल (39 वर्ष), जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा बिल्हा।
- राजकुमार बरगाह (48 वर्ष), निवासी हथनी, थाना बिल्हा।
बिल्हा पुलिस ने 21 नवंबर 2026 को तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय साहू, उप निरीक्षक जी.एल. चंद्राकर एवं प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश कुमार की विशेष भूमिका रही।सहकारी समिति के नाम पर चेकों में हेराफेरी कर सरकारी धन के कथित गबन का यह मामला बैंकिंग व्यवस्था और सहकारी संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
प्रधान संपादक