Explore

Search

November 21, 2026 7:07 pm

सड़क हादसे में घायल को मिली 1.5 लाख की तत्काल राहत, बिलासपुर में सिविल लाइन पुलिस की ऐतिहासिक पहल

“जिले का पहला eDAR प्रकरण तैयार कर पुलिस ने पेश की संवेदनशीलता और तत्परता की मिसाल, एसएसपी ने किया पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत”

“दुर्घटना में घायल की मदद करें, पुलिस को सूचना दें और सरकारी राहत के अधिकारों के प्रति जागरूक रहें।”

Cbn36 बिलासपुर। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के लिए समय पर इलाज जितना जरूरी है, उतनी ही महत्वपूर्ण है आर्थिक सहायता। हादसे के बाद पीड़ित परिवार को आर्थिक संकट से बचाने और उपचार में मदद पहुंचाने की दिशा में बिलासपुर की सिविल लाइन पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना राहत योजना के तहत घायल को ₹1.50 लाख की तत्काल आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया पूरी कराते हुए थाना सिविल लाइन ने जिले का पहला eDAR प्रकरण तैयार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को नेहरू चौक, राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-130, बिलासपुर में जयंत यादव अपनी स्कूटी से मंदिर चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल चालक की लापरवाही के चलते उनकी स्कूटी से दुर्घटना हो गई। हादसे में जयंत यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए उन्हें डी.के.एस. अस्पताल रायपुर रेफर किया गया।

सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस, मिनटों में तैयार किया राहत प्रकरण

दुर्घटना की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से मिलते ही थाना सिविल लाइन के निरीक्षक रविशंकर तिवारी ने सहायक उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह एवं आरक्षक सोनू भार्गव को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर कुछ ही मिनटों में प्रधानमंत्री दुर्घटना राहत प्रकरण तैयार किया। इसके बाद पीएम राहत पोर्टल पर आईडी क्रमांक 10076305 के माध्यम से कार्रवाई करते हुए eDAR पोर्टल पर भी प्रकरण दर्ज किया गया।

पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से दुर्घटना पीड़ित को 1.50 लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। यह पहल बताती है कि तकनीक और प्रशासनिक तत्परता का सही इस्तेमाल किसी पीड़ित परिवार के लिए कितनी बड़ी राहत बन सकता है।

एसएसपी ने थपथपाई पीठ, पुलिसकर्मियों को किया पुरस्कृत

इस सराहनीय कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस रजनेश सिंह ने थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर तिवारी की प्रशंसा की। साथ ही सहायक उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह को ₹500 तथा आरक्षक सोनू भार्गव को ₹300 की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया। एसएसपी ने जिले के सभी पुलिसकर्मियों को भी इसी तरह संवेदनशीलता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

आम नागरिकों के लिए बड़ा संदेश : दुर्घटना के बाद आर्थिक सहायता का अधिकार भी जानें

सड़क दुर्घटना केवल एक व्यक्ति को घायल नहीं करती, बल्कि पूरे परिवार को आर्थिक और मानसिक संकट में डाल सकती है। ऐसे समय में पीड़ित परिवार को उपचार के साथ-साथ उपलब्ध सरकारी सहायता और कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी होना बेहद जरूरी है।

बिलासपुर पुलिस की यह पहल आम नागरिकों के लिए भी एक महत्वपूर्ण संदेश है कि सड़क दुर्घटना होने पर केवल इलाज तक सीमित न रहें, बल्कि पुलिस के माध्यम से उपलब्ध दुर्घटना राहत प्रक्रिया की जानकारी भी लें। दुर्घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें और अस्पताल में उपचार से संबंधित दस्तावेज सुरक्षित रखें।

सिविल लाइन पुलिस की यह पहल केवल एक राहत प्रकरण तैयार करने की कार्रवाई नहीं, बल्कि पुलिस की संवेदनशीलता, जवाबदेही और जनसेवा का उदाहरण है। जब पुलिस की तत्परता किसी घायल व्यक्ति के उपचार और परिवार की आर्थिक चिंता कम करने में मददगार बनती है, तभी पुलिस और जनता के बीच विश्वास का रिश्ता और मजबूत होता है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS