
हिंदी विश्वविद्यालय में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित, सुशांत वनवे ने हासिल किया प्रथम स्थान
Cbn36 वर्धा, 21 नवंबर। विकसित भारत का सपना साकार करने के लिए देश के युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ नशे से दूर रहना होगा। नशामुक्त युवा आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। युवाओं की ऊर्जा और क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण में होना चाहिए। यह विचार वर्धा नगर परिषद के अध्यक्ष सुधीर पांगुळ ने व्यक्त किए।

वे शनिवार को मेरा युवा भारत, वर्धा की ओर से महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में आयोजित ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कस्तूरबा सभागार में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी सुशील भड, विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी बी.एस. मिरगे तथा मेरा युवा भारत, वर्धा के दयाराम रामटेके प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
प्रतियोगिता में युवाओं ने नशामुक्ति की आवश्यकता, नशे के दुष्परिणाम और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में सुशांत वनवे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अभिषेक ओझा द्वितीय तथा मंथन वानखेडे तृतीय स्थान पर रहे।
इसके अलावा अभिनव थुटे, जयकरण, प्रितेश गजभिये, सतीश कुमार और प्रिया माली ने भी प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विजेताओं को स्मृतिचिह्न एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. निशीथ राय, डॉ. रेणू सिंह, पंकज वंजारे, प्राध्यापक संदीप पाठारे और रूपाली जाधव शामिल रहे। कार्यक्रम की प्रस्तावना सुशील भड ने रखी तथा संचालन सतीश इंगोले ने किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभम ताकसांडे, नितेश रामराव बेसेकर और सचिन बोडखे ने सहयोग किया।
प्रधान संपादक