Explore

Search

November 20, 2026 3:38 pm

पारिवारिक विवादों के समाधान में संवाद और परामर्श की अहम भूमिका : दुर्ग में विशेष कार्यशाला आयोजित

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं दुर्ग पुलिस की संयुक्त पहल, न्यायिक अधिकारियों, प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय पर दिया गया जोर

CBN36 दुर्ग, 20 नवंबर 2026। पारिवारिक विवादों का समाधान केवल कानूनी प्रक्रिया से ही नहीं, बल्कि आपसी संवाद, समझ और उचित परामर्श से भी संभव है। इसी उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं दुर्ग पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन, दुर्ग के नवीन कॉन्फ्रेंस हॉल में ‘परामर्श से समाधान’ विषय पर विशेष क्षमता संवर्धन कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला में पारिवारिक विवादों के सौहार्दपूर्ण निराकरण में परामर्शदाताओं की भूमिका, परिवार परामर्श केंद्रों की कार्यप्रणाली तथा न्यायिक व्यवस्था, जिला प्रशासन एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विनोद कुमार कुजूर, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय श्रीमती सुमन एक्का, सिविल जज वरिष्ठ श्रेणी श्रीमती कामिनी जायसवाल, कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

प्रेमचंद की कहानी के माध्यम से समझाया काउंसलिंग का महत्व

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने अपने उद्बोधन में मुंशी प्रेमचंद की कहानी का उदाहरण देते हुए पारिवारिक संबंधों में संवाद, आपसी समझ और काउंसलिंग के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि कई बार गलतफहमियां और परिस्थितियां परिवारों में तनाव एवं विवाद का कारण बनती हैं। ऐसे में समय पर उचित परामर्श और संवाद से रिश्तों में आई दूरियों को कम किया जा सकता है। काउंसलिंग का उद्देश्य केवल विवाद समाप्त करना नहीं, बल्कि परिवारों के बीच विश्वास और संबंधों को बनाए रखने में सहयोग करना भी है।

परिवार परामर्श केंद्रों की भूमिका महत्वपूर्ण : एसएसपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने पारिवारिक विवादों के निराकरण में पुलिस की संवेदनशील एवं उत्तरदायी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि परिवार परामर्श केंद्रों के माध्यम से संबंधित पक्षों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर संवाद एवं आपसी सहमति से समाधान तलाशने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने परामर्शदाताओं से धैर्य, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

न्यायिक व्यवस्था और परामर्श केंद्रों के समन्वय पर जोर

प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय श्रीमती सुमन एक्का ने पारिवारिक विवादों की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए उचित मार्गदर्शन एवं आपसी समझ के माध्यम से समाधान की आवश्यकता बताई। वहीं सिविल जज वरिष्ठ श्रेणी श्रीमती कामिनी जायसवाल ने कार्यशाला के उद्देश्यों एवं परामर्शदाताओं की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डालते हुए प्रभावी काउंसलिंग व्यवस्था को मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनोद कुमार कुजूर ने समापन उद्बोधन में न्यायिक व्यवस्था एवं परामर्श केंद्रों के बीच बेहतर समन्वय को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों से पारिवारिक विवादों के निराकरण में सकारात्मक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।

परिवार परामर्श केंद्र की कार्यप्रणाली का दिया प्रस्तुतीकरण

कार्यशाला के दौरान पुलिस विभाग के परामर्शदाता ने दुर्ग पुलिस परिवार परामर्श केंद्र की कार्यप्रणाली, परामर्श प्रक्रिया और पारिवारिक विवादों के प्रारंभिक स्तर पर निराकरण के प्रयासों की जानकारी दी। संबंधित पक्षों की समस्याओं को सुनने, परिस्थितियों को समझने और आपसी सहमति से समाधान तलाशने की प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायालय तथा कुटुंब न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीशगण, कुटुंब न्यायालय के काउंसलर्स, दुर्ग पुलिस परिवार परामर्श केंद्र के परामर्शदाता एवं बाल कल्याण समिति के सदस्य शामिल हुए।

कार्यशाला के माध्यम से परामर्शदाताओं की क्षमता बढ़ाने, परिवार परामर्श केंद्रों की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने तथा न्यायिक व्यवस्था, जिला प्रशासन और पुलिस के बीच संस्थागत समन्वय बेहतर बनाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि पारिवारिक विवादों की स्थिति में जल्दबाजी में निर्णय लेने अथवा विवाद बढ़ाने के बजाय आपसी संवाद और परामर्श का सहारा लें। आवश्यकता पड़ने पर परिवार परामर्श केंद्र की मदद लें, क्योंकि समय पर उचित मार्गदर्शन से अनेक पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान संभव है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS