‘बिहान’ योजना और स्व-सहायता समूह से मिला संबल, ग्रामीण महिला उद्यमिता की बनीं मिसाल

सीमित संसाधनों से घर में शुरू किया कारोबार, बास्तानार से जगदलपुर और दंतेवाड़ा तक पहुंचा मशरूम का बाजार
CBN36 रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन की बिहान योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में आर्थिक बदलाव की नई इबारत लिख रही है। स्व-सहायता समूहों, प्रशिक्षण और बैंक ऋण के सहयोग से महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी बस्तर जिले के बास्तानार विकासखंड की ग्राम पंचायत कोड़ेनार निवासी कौशल्या सेठिया की है, जिन्होंने मशरूम उत्पादन को अपनी आजीविका का आधार बनाकर एक सफल उद्यम खड़ा किया है।
कौशल्या ने सीमित संसाधनों के साथ घर से मशरूम उत्पादन का काम शुरू किया था। आज उनकी उत्पादन क्षमता बढ़कर 700 पैकेट तक पहुंच गई है। उनके उत्पादों की मांग बास्तानार, जगदलपुर और पड़ोसी दंतेवाड़ा जिले के बाजारों में भी बढ़ रही है।
प्रशिक्षण ने दिखाई स्वरोजगार की राह
कौशल्या सेठिया वर्ष 2017 से स्व-सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से मशरूम उत्पादन का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिला। प्रशिक्षण से उन्हें इस व्यवसाय की तकनीकी जानकारी और स्वरोजगार का आत्मविश्वास प्राप्त हुआ। इसके बाद वर्ष 2024 में उन्होंने अपने घर से ही छोटे स्तर पर मशरूम उत्पादन शुरू किया।
बिहान योजना और बैंक ऋण से बढ़ा कारोबार

शुरुआत में सीमित संसाधन उनके सामने चुनौती थे, लेकिन बिहान (राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन) और स्व-सहायता समूह के सहयोग ने उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया। समूह के माध्यम से सामुदायिक निवेश निधि और बैंक लिंकेज की सुविधा मिलने से उनके उद्यम को आर्थिक संबल मिला।
कारोबार का विस्तार करने के लिए वर्ष 2026 में उन्होंने ग्रामीण बैंक कोड़ेनार से एक लाख रुपये का ‘स्वयं सिद्धा ऋण’ प्राप्त किया। इस राशि का उपयोग कर उन्होंने मशरूम उत्पादन की क्षमता में वृद्धि की। आज उनका उत्पादन बढ़कर 700 पैकेट तक पहुंच चुका है।
स्थानीय बाजारों में बढ़ी मांग, आय के खुले नए रास्ते
कौशल्या के उद्यम की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके उत्पादों की बाजार में अच्छी मांग है। मशरूम उत्पादन में प्रति पैकेट लगभग 150 रुपये की लागत आती है, जबकि तैयार मशरूम का विक्रय लगभग 400 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से किया जाता है।
वे अपने उत्पादों को बास्तानार और जगदलपुर के साथ ही दंतेवाड़ा जिले के बाजारों में भी बेच रही हैं। घर से शुरू हुआ उनका छोटा-सा प्रयास अब एक व्यवस्थित आजीविका गतिविधि का रूप ले चुका है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिली है।
गांव की महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणास्रोत

कौशल्या सेठिया की सफलता ग्रामीण महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार की संभावनाओं को दर्शाती है। उनकी मेहनत और उपलब्धि से प्रेरित होकर गांव की अन्य महिलाएं भी मशरूम उत्पादन सहित विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित हो रही हैं।
कौशल्या ने साबित किया है कि यदि महिलाओं को उचित प्रशिक्षण, वित्तीय सहयोग और मार्गदर्शन मिले तो वे सीमित संसाधनों में भी सफल उद्यम स्थापित कर सकती हैं। बिहान योजना के सहयोग से उनकी यह सफलता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।
प्रधान संपादक