Explore

Search

November 20, 2026 1:08 pm

कानाफूसी

विधायक का डांस और कांग्रेस का तड़का

नगरीय चुनाव की बेला में भाजपा विधायक के डांस वाला वीडियो ने भाजपाई रणनीतिकारों की मुसिबत बढ़ा दी है। नर्तकियों के साथ ऐसा डांस आपने देखा नहीं होगा। विधायक जब स्टेज पर आकर नाचे तो देखने वाले भी दंग रहे गए। डांसरों के साथ हाथ मटकाकर डांस करना, उस हालत में जब सामने पब्लिक बैठी हो, जो आने वाले दिनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पता नहीं भाजपा और नाचने वाले विधायक को लेकर क्या इमेज किए होंगे। ये तो पब्लिक ही जाने, विधायक का डांस वाला वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। साजा और बेमेतरा से लेकर छत्तीसगढ़ की पब्लिक देख और समझ रही है। इस बीच कांग्रेस ने भी जमकर तड़का लगाया है। 

जहां चुनाव वहां बहेगी विकास की गंगा, पर कब तक

प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर उलटी गिनती शुरू हो गई है। प्रदेश के 10 निकायों में चुनाव होने हैं। इसी बीच उपचुनाव भी होंगे। जिन निकायों में चुनाव होने हैं वहां विकास की गंगा बहाने नगरीय प्रशासन मंत्री पहुंच रहे हैं और घोषणा पर घोषणा कर रहे हैं। इन घोषणाओं में लाखों के नहीं करोड़ों के काम की लंबी चौड़ी सूची है। अब तो पब्लिक भी बोलने लगी है, पता नहीं इनमें से कितने का काम होगा और अफसर किस हिसाब  से गंगा बहाएंगे। ये तो  मानकर चलिए पब्लिक सब कुछ जानती और समझती है। अपनी समझदारी ईवीएम और बैलेट बाक्स में ही दिखाती है।

उपचुनाव और अग्नि परीक्षा, इस बात का भी डर

नगरीय निकाय चुनाव को लेकर उलटी गिनती तो शुरू हो ही गई है। बिलासपुर नगर निगम के एक वार्ड में भी उप चुनाव होने हैं। उप चुनाव में भाजपा का रिजल्ट अच्छा नहीं रहा है। बीते अनुभव को देखें तो बाई इलेक्शन भाजपा के लिए दुखती रग ही साबित हुआ है। जिस वार्ड में चुनाव होना है वह ऐसा वैसा नहीं, मेयर का अपना वार्ड है। जाहिर है, प्रतिष्ठा और सियासी चतुराई दोनों दांव पर रहेगी। नगर निगम की सियासत में जैसा चल रहा है, भीतरघात की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता। वार्ड निपटा मतलब पद और प्रतिष्ठा दोनों धूमिल। मेयर की कुर्सी तो सलामत रहेगी पर वो बात नहीं रहेगी। 

धान,किसान और सियासत

समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी सरकार ने शुरू कर दिया है। पटवारियों की हड़ताल के चलते किसानों का बुरा हाल है। पोर्टल में रकबा रजिस्टर्ड ना हाेने के कारण किसान परेशान है। हाल के दिनों में बेलतरा के किसानों ने कलेक्टोरेट में हल्ला बोला और सरकारी नाकामी को बतौर दस्तावेज पेश भी किया। किसानों की परेशानी के बीच सियासत भी सरगर्म होने लगी है। जाहिर है कांग्रेस इसे अब मुद्दा बनाने में जुट गई है। परेशान किसानों की लामबंदी को लेकर अब सत्ताधारी दल के स्थानीय रणनीतिकारों की धड़कनें भी बढ़ने लगी है।

अटकलबाजी

नगर निगम के एक वार्ड में उपचुनाव को लेकर तनाव में कौन-कौन हैं, नाराज भाजपाइयों पर कौन नजर रख रहा है।

किसानों की नाराजगी के बीच सियासत गरमाने लगी है। कांग्रेस के प्रदर्शन और किसानों की लामबंदी से ऐसे  नेताओं का नाम बताइए जिनकी परेशानी बढ़ने लगी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS