ग्राम खोखरा में कचरा प्रबंधन कर ग्रामीणों को दिया स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश
Cbn36 खोखरा। ज्ञानदीप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के अंतर्गत आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के चतुर्थ दिवस पर स्वयंसेवकों ने ग्राम खोखरा में स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन अभियान चलाया। इस दौरान शिविरार्थियों ने गांव के विभिन्न स्थानों पर फैले कचरे को एकत्रित कर उचित प्रबंधन किया तथा ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने तथा अपने घर एवं आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
बौद्धिक परिचर्चा में स्वच्छता के महत्व पर हुई चर्चा
शिविर के अंतर्गत आयोजित बौद्धिक परिचर्चा में मुख्य अतिथि लोक कल्याण संस्था की प्रमुख श्रीमती ओमिता एवं सहायक प्राध्यापक अचला शर्मा उपस्थित रहीं। अतिथियों ने स्वयंसेवकों के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से समाज में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्री देव कश्यप ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ गांव ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है।
शिविर के चतुर्थ दिवस पर स्वयंसेवकों ने श्रमदान के माध्यम से ग्राम स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
उल्लेखनीय है कि संपूर्ण सात दिवसीय विशेष शिविर की गतिविधियां संस्था संचालक डॉ. अखिलेश कटकवार के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार संचालित की जा रही हैं। उन्होंने शिविरार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए शिविर की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।राष्ट्रीय सेवा योजना – व्यक्तित्व विकास के साथ समाज सेवा का संकल्प।
प्रधान संपादक