Explore

Search

November 18, 2026 12:35 pm

जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जंगल से 11 भैंसों को कराया गया मुक्त, दो तस्कर गिरफ्तार

“ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस की कार्रवाई, एक आरोपी फरार; तलाश में जुटी पुलिस ,डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि गौवंश तस्करी के विरुद्ध ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी रहेगा। इस तरह की गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी”

Cbn36 जशपुर। गौवंश तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से जंगल के रास्ते ले जाए जा रहे 11 भैंसों को मुक्त कराया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को ग्राम बलादरपाठ निवासी एक ग्रामीण ने चौकी सोनक्यारी में सूचना दी कि ग्राम सरडीह के जंगल के रास्ते कुछ लोग भैंसों को मारते-पीटते हुए पैदल ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सोनक्यारी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर तीनों संदिग्ध भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान शिवनारायण यादव (55 वर्ष) और कपिलदेव यादव (23 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम बरपाठ, चौकी सोनक्यारी, जिला जशपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि भैंसें थाना आस्ता क्षेत्र के एक व्यक्ति की हैं। उसके द्वारा रुपये देने का लालच दिए जाने पर वे भैंसों को जंगल के रास्ते ग्राम खमली, थाना आस्ता ले जा रहे थे।

पुलिस ने भैंसों को ले जाने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने सभी 11 भैंसों को बरामद कर सुरक्षित मुक्त कराया। आरोपियों की निशानदेही पर फरार आरोपी की पहचान भी कर ली गई है।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी सोनक्यारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक मोहनलाल मरकाम, सहायक उप निरीक्षक विपिन किशोर केरकेट्टा, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, आरक्षक आनंद मिंज एवं शिव ध्रुव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS