Explore

Search

November 18, 2026 10:08 am

वनवासी विकास समिति के छात्रावास बने शिक्षा, संस्कार और सेवा के केंद्र

छत्तीसगढ़ में 8 छात्रावासों के माध्यम से 315 जनजातीय विद्यार्थियों का हो रहा सर्वांगीण विकास

Cbn36 रायपुर। अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के मार्गदर्शन में वनवासी विकास समिति, छत्तीसगढ़ द्वारा संचालित छात्रावास जनजातीय समाज के बच्चों के लिए शिक्षा, संस्कार और सेवा के महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहे हैं। इन छात्रावासों के माध्यम से दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास किया जा रहा है।

वर्तमान में छत्तीसगढ़ में समिति द्वारा कुल 8 छात्रावास संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें 5 बालक एवं 3 बालिका छात्रावास शामिल हैं। इन छात्रावासों में 180 बालकों और 135 बालिकाओं सहित कुल 315 विद्यार्थी रहकर शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

85 गाँवों के बालक और 80 गाँवों की बालिकाएँ लाभान्वित

समिति के छात्रावासों का विस्तार प्रदेश के दूरस्थ और अंदरूनी ग्रामीण क्षेत्रों तक है। बालक छात्रावासों में 85 गाँवों के विद्यार्थी तथा बालिका छात्रावासों में 80 गाँवों की छात्राएँ निवासरत हैं। अब तक इन छात्रावासों से 2,887 छात्र-छात्राएँ शिक्षा एवं संस्कार प्राप्त कर चुके हैं। बस्तर संभाग के लंजोड़ा, भानपुरी, बारसूर, बीजापुर, कुटरू और चित्रकोट जैसे जनजातीय क्षेत्रों में ये छात्रावास शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

सेवन सिस्टर्स हॉस्टल में पूर्वोत्तर और छत्तीसगढ़ का संगम

राजधानी रायपुर में पूर्वोत्तर भारत की जनजातीय छात्राओं के लिए संचालित सेवन सिस्टर्स हॉस्टल सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकात्मता का विशेष उदाहरण है। यहाँ मिजोरम, मेघालय, नागालैंड, असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और त्रिपुरा सहित पूर्वोत्तर के सात राज्यों की लगभग 40 छात्राएँ निवास कर रही हैं। छात्राओं को शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, आपसी सहयोग, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकात्मता के संस्कार भी दिए जा रहे हैं।

सांस्कृतिक गतिविधियों से व्यक्तित्व का विकास

छात्रावासों में विद्यार्थियों की शिक्षा के साथ सांस्कृतिक, धार्मिक और रचनात्मक गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। दीपावली पर विद्यार्थी आसपास की बस्तियों और गाँवों में दीपक एवं मिठाइयाँ वितरित कर खुशियाँ साझा करते हैं। गणेश उत्सव के दौरान बच्चे स्वयं मिट्टी की गणेश प्रतिमाएँ बनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हैं।

इसके अलावा रक्षाबंधन, मकर संक्रांति के अवसर पर कुबेर लड्डू कार्यक्रम तथा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे पर्व उत्साहपूर्वक मनाए जाते हैं। खेलकूद और तीरंदाजी जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित की जा रही है। विशेष रूप से छात्राएँ खेलकूद एवं तीरंदाजी की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।

शिक्षा, संस्कार और सेवा से राष्ट्र निर्माण का संकल्प

वनवासी विकास समिति का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी शिक्षा तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें संस्कारवान, आत्मनिर्भर, अनुशासित और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाना है। शिक्षा के साथ संस्कार और संस्कार के साथ सेवा की भावना विकसित कर ये छात्रावास जनजातीय समाज के बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रहे हैं।

समिति के इन प्रयासों से शिक्षित होकर निकलने वाले विद्यार्थी अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इस प्रकार वनवासी विकास समिति के छात्रावास छत्तीसगढ़ में शिक्षा के विस्तार के साथ सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को भी साकार कर रहे हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS