
NACHA ने भारतीय दूतावासों के साथ मिलकर मनाया जनजातीय गौरव दिवस, अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया प्रदेश का मान
Cbn36 रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की गाथा अब सात समंदर पार भी गूंज रही है। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस 2026 को अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में विशेष उत्साह के साथ मनाया गया। नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA) ने भारतीय दूतावासों, वाणिज्य दूतावासों, उच्चायोग और विभिन्न भारतीय सामुदायिक संगठनों के सहयोग से इन आयोजनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भारत सरकार द्वारा वर्ष 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा के बाद देशभर में जनजातीय नायकों के योगदान को सम्मान देने की परंपरा को नई पहचान मिली है। इसी कड़ी में इस वर्ष 1 से 15 नवंबर तक आयोजित जनजातीय गौरव पखवाड़े के दौरान विदेशों में बसे छत्तीसगढ़वासियों ने भी अपनी सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय नायकों के इतिहास को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया।
शिकागो में गणेश कर के नेतृत्व में जुटे विभिन्न राज्यों के संगठन
अमेरिका के शिकागो स्थित नेशनल इंडिया हब में भारतीय महावाणिज्य दूतावास द्वारा आयोजित समारोह में विभिन्न भारतीय राज्यों के सामुदायिक संगठनों ने भाग लिया। भारतीय महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने जनजातीय समाज के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्र निर्माण और सांस्कृतिक विरासत में योगदान को रेखांकित किया।

आयोजन के सामुदायिक समन्वय की जिम्मेदारी NACHA के वरिष्ठ प्रतिनिधि गणेश कर को सौंपी गई थी। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सहित ओडिशा, मणिपुर, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान के संगठनों ने एक मंच पर आकर भारत की जनजातीय विरासत का उत्सव मनाया।
इस अवसर पर NACHA शिकागो चैप्टर के अध्यक्ष तेजेंद्र साहू ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, स्वतंत्रता आंदोलन में आदिवासी समाज की भूमिका और शहीद वीर नारायण सिंह के ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला।
दीपाली सरावगी का महावाणिज्य दूत ने किया सम्मान
शिकागो में भारतीय महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने NACHA की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा हाल ही में प्रदान किए गए प्रतिष्ठित ‘छत्तीसगढ़ अप्रवासी सम्मान 2026’ के लिए बधाई दी और समारोह के मंच पर उनका अभिनंदन किया।
दीपाली सरावगी यह सम्मान प्राप्त करने वाली पहली महिला हैं। छत्तीसगढ़ की संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने और प्रवासी छत्तीसगढ़िया समुदाय को एकजुट करने में उनके योगदान को देखते हुए यह सम्मान विशेष महत्व रखता है।

इस अवसर पर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए शहीद वीर नारायण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।
गणेश कर ने कहा कि बस्तर से जुड़ाव होने के कारण वे छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को करीब से जानते हैं। भारतीय वाणिज्य दूतावास की ओर से सामुदायिक समन्वय की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि उद्देश्य केवल छत्तीसगढ़ की संस्कृति का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों के समुदायों को एक मंच पर लाकर सभी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को सामूहिक श्रद्धांजलि देना है।
कनाडा में पंकज अग्रवाल ने संभाली आयोजन की कमान
कनाडा के टोरंटो में भारतीय महावाणिज्य दूतावास के सहयोग से NACHA, टीम ओडिशा, ओएससी, बाजका, टाका, यूपीआईसीए और टीएसएस सहित विभिन्न संगठनों ने मिलकर जनजातीय गौरव दिवस मनाया।
भारतीय महावाणिज्य दूत महावीर सिंहवी ने दीप प्रज्वलित कर भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया।

इस आयोजन में मूल रूप से बिलासपुर निवासी NACHA कनाडा चैप्टर के अध्यक्ष एवं वैश्विक प्रवासी समुदाय के उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने महत्वपूर्ण नेतृत्व और समन्वय की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में जनजातीय नृत्य, पारंपरिक कला, चित्रकला और वेशभूषा प्रतियोगिताओं के माध्यम से भारत की विविध जनजातीय संस्कृति को प्रदर्शित किया गया। कलाकारों और प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।
पंकज अग्रवाल ने कहा कि विदेशों में रहकर अपने प्रदेश के जनजातीय नायकों और उनकी विरासत को प्रस्तुत करना प्रत्येक छत्तीसगढ़वासी के लिए गर्व की बात है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
लंदन के नेहरू सेंटर में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति का प्रदर्शन
ब्रिटेन की राजधानी लंदन के प्रतिष्ठित नेहरू सेंटर में आयोजित ‘द ट्राइबल टेपेस्ट्री 2026’ कार्यक्रम में NACHA यूके ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और जनजातीय परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती तथा छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय जनजातीय समाज के इतिहास, स्वतंत्रता संघर्ष, लोककला और सांस्कृतिक विविधता को प्रमुखता दी गई।
NACHA यूके की ओर से अरविंद साहू, पियाली और अन्य कार्यकारी सदस्यों ने भारतीय उच्चायोग एवं विभिन्न सामुदायिक प्रतिनिधियों के सहयोग से आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की विविधता में एकता का संदेश दिया गया।
ह्यूस्टन में जनजातीय गौरव दिवस के साथ मना छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस
अमेरिका के टेक्सास राज्य के ह्यूस्टन में भी भारतीय वाणिज्य दूतावास के कार्यक्रम में जनजातीय गौरव दिवस और छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की भावना को एक साथ मनाया गया। NACHA के कार्यकारी प्रतिनिधि हिमांशु थवैत और नंदा तिवारी ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय विरासत, लोकसंस्कृति और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को प्रस्तुत किया।
दुनिया भर में छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायकों की गाथा पहुंचाना NACHA का संकल्प : दीपाली सरावगी
NACHA की वैश्विक अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ अप्रवासी सम्मान 2026 से सम्मानित दीपाली सरावगी ने कहा कि यह प्रत्येक छत्तीसगढ़वासी के लिए गर्व का विषय है कि विदेशों में बसे प्रदेश के प्रवासी भारतीय अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन जैसे देशों में भारतीय राजनयिक मिशनों के साथ मिलकर भारत की जनजातीय विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने में योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनजातीय गौरव दिवस की ऐतिहासिक पहल ने भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के अनगिनत जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को राष्ट्रीय सम्मान दिलाया है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शहीद वीर नारायण सिंह जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों की धरती है। प्रदेश की पहचान केवल प्राकृतिक संपदा से ही नहीं, बल्कि बस्तर से सरगुजा तक फैली जनजातीय परंपराओं, लोककलाओं और सांस्कृतिक विविधता से भी है।
दीपाली सरावगी ने कहा कि NACHA का उद्देश्य दुनिया भर में बसे छत्तीसगढ़वासियों को एकजुट करना और आने वाली पीढ़ियों को अपने प्रदेश के इतिहास, संस्कृति तथा महान नायकों के योगदान से परिचित कराना है।
उन्होंने शिकागो, टोरंटो, लंदन और ह्यूस्टन में सक्रिय सभी NACHA पदाधिकारियों, भारतीय राजनयिक मिशनों, सहयोगी संगठनों, कलाकारों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में आयोजित इन कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और जनजातीय विरासत की पहचान भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं है। विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़वासी अपनी जड़ों से जुड़े रहकर प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
प्रधान संपादक