CBN36 जांजगीर-चांपा, 03 नवंबर 2026। अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत संयंत्र (एबीवीटीपीएस) मड़वा में अक्टूबर माह में वरिष्ठ पर्यवेक्षक के पद पर कार्यरत शशांक शर्मा सेवानिवृत्त हो गए। उनके सेवानिवृत्त होने पर पावर कंपनी परिवार की ओर से भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित कर उनके दीर्घकालीन सेवाकाल को सम्मानपूर्वक याद किया गया।
तकनीकी भवन के सभाकक्ष में आयोजित दीर्घ सेवा सम्मान समारोह की अध्यक्षता प्रभारी मुख्य अभियंता श्री आलोक लकरा ने की। उन्होंने श्री शर्मा के कार्यों की सराहना करते हुए पावर कंपनी में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर श्री लकरा ने सेवानिवृत्त कर्मचारी को स्मृति चिह्न एवं सेवा प्रमाण-पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री एन. लकरा उपस्थित रहे। प्रभारी मुख्य अभियंता एवं विशिष्ट अतिथि ने श्री शर्मा के स्वस्थ, सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उल्लेखनीय है कि शशांक शर्मा ने विद्युत मंडल एवं पावर कंपनी में 41 वर्ष, 01 माह एवं 27 दिन तक अपनी सेवाएं दीं। उनकी प्रथम नियुक्ति भंडार सहायक के पद पर कोरबा ताप विद्युत संयंत्र, कोरबा पूर्व में हुई थी। अपने लंबे सेवाकाल के दौरान उन्होंने पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन किया।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारी श्री शर्मा ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कल्याण अधिकारी श्री राजेंद्र सिंह टेकाम ने किया। उन्होंने श्री शर्मा के जीवन परिचय एवं सेवाकाल की उपलब्धियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया।
समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी के परिजन उपस्थित रहे। सभी ने श्री शर्मा को भावभीनी विदाई देते हुए उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रधान संपादक