Explore

Search

November 3, 2026 8:27 pm

मौत के मुहाने से महिला को वापस लाई डायल 112 की ‘बाज-1’ टीम, चंद मिनटों में पहुंचाया अस्पताल

जहर सेवन कर बेहोश हुई महिला के लिए देवदूत बनी कसडोल पुलिस, आरक्षक आशुतोष बंजारे और चालक केशव साहू की तत्परता से समय पर शुरू हुआ उपचार

CBN36 बलौदाबाजार-भाटापारा। आपातकाल में चंद मिनटों की देरी भी किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। ऐसे ही एक गंभीर मामले में डायल 112 की ‘बाज-1 कसडोल’ टीम ने अपनी तत्परता, सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए जहर सेवन कर बेहोश हुई एक महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस टीम की इस त्वरित कार्रवाई से महिला को समय पर चिकित्सकीय उपचार मिल सका।

मामला 3 नवंबर 2026 का है। दोपहर करीब 1 बजे डायल 112 नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि थाना कसडोल क्षेत्र के एक गांव में महिला ने अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है। महिला की हालत गंभीर थी और वह बेहोशी की अवस्था में थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में तैनात डायल 112 वाहन ‘बाज-1 कसडोल’ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

सूचना मिलते ही हरकत में आई टीम

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने महिला की नाजुक हालत देख बिना समय गंवाए उसे तत्काल वाहन में बैठाया। महिला के पति को भी साथ लेकर पुलिसकर्मी तेजी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कसडोल पहुंचे। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक को जहर सेवन और महिला की गंभीर स्थिति की जानकारी दी गई, जिसके बाद तत्काल उपचार शुरू किया गया।

वक्त पर मिली मदद बनी जीवनरक्षा की उम्मीद

गंभीर परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित पहल ने एक बार फिर साबित किया कि डायल 112 केवल आपातकालीन सूचना पर पहुंचने वाली सेवा नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में आम नागरिकों के लिए जीवनरक्षक सहारा भी है। खासकर ऐसे मामलों में समय पर अस्पताल पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण होता है।

इन जवानों की रही अहम भूमिका

इस सराहनीय मानवीय कार्य में डायल 112 ‘बाज-1 कसडोल’ की टीम के आरक्षक क्रमांक 371 आशुतोष बंजारे एवं वाहन चालक केशव प्रसाद साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार-भाटापारा आईपीएस गौरव राय के निर्देश एवं मार्गदर्शन में जिले में आपातकालीन सेवाओं को प्रभावी बनाने के लिए डायल 112 की टीमें लगातार सक्रिय हैं। कसडोल की इस टीम ने अपनी तत्परता से पुलिस की संवेदनशील और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध छवि को एक बार फिर मजबूत किया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS