Cbn36 जगदलपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26वें गौरवशाली वर्ष के अवसर पर जगदलपुर में जिला स्तरीय राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की केंद्रीय थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रही। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों ने बस्तर को शांति, समृद्धि और विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के प्रणेता भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना संभव हुई। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए राज्य निर्माण का ऐतिहासिक निर्णय लिया, जिसे प्रदेशवासी सदैव याद रखेंगे।

विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी तथा महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जगदलपुर में 24 घंटे संचालित नालंदा परिसर युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मददगार साबित होगा। वहीं धुड़मारास को हेरिटेज विलेज के रूप में विकसित करने, होम-स्टे और पर्यटन कॉरिडोर जैसी पहल से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
महापौर संजय पाण्डे ने कहा कि नारी शक्ति और युवा ऊर्जा नए बस्तर के निर्माण का आधार हैं। उन्होंने कहा कि कभी माओवाद हिंसा से प्रभावित रहा बस्तर अब शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बस्तर की बेटियां खेल, नवाचार, स्टार्टअप और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसी पहल स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के साथ युवाओं को आत्मनिर्भर बना रही हैं।

कलेक्टर आकाश छिकारा ने जिले की विकास यात्रा की जानकारी देते हुए कहा कि सुरक्षा बलों के सर्वोच्च बलिदान और जनता के सहयोग से 31 मार्च 2026 को बस्तर क्षेत्र का माओवाद मुक्त होना ऐतिहासिक उपलब्धि है। अब प्रशासन का विशेष ध्यान शांति, सुशासन और विकास कार्यों को गति देने पर केंद्रित है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग 8700 करोड़ रुपये की लागत से अंदरूनी क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। गीदम-भोपालपटनम फोरलेन कॉरिडोर और अंतागढ़-जगदलपुर रेल परियोजना पर कार्य जारी है। रायपुर और हैदराबाद के लिए नियमित हवाई सेवाओं से क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी मजबूत हुई है। इसके अलावा बस्तर मावा अभियान, पूना नर्कोम, देवगुड़ी और मातागुड़ी स्थलों का संरक्षण, मेडिकल कॉलेज तथा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल जैसी सुविधाओं से क्षेत्र में विकास को नई गति मिल रही है।
देऊरगांव एवं मटनार सिंचाई परियोजनाओं से कृषि क्षेत्र को लाभ मिलने की उम्मीद है। प्रशासन ने वर्ष 2031 तक बस्तर के प्रत्येक गांव को सड़क, बिजली, शुद्ध पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल सुविधाओं से जोड़कर विकसित अंचल बनाने का संकल्प दोहराया।

समारोह के दौरान अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया और आम नागरिकों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। इस अवसर पर हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड और भूमि स्वामित्व दस्तावेज सहित विभिन्न सहायता प्रदान की गई।
मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु संचालित पदयात्री सेवा केंद्र में सहयोग देने वाले समाजसेवियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली बच्चों और पारंपरिक लोक कलाकारों को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बद्रीनारायण मीणा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक