
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया जिला स्तरीय समारोह का शुभारंभ, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी एवं प्रतियोगिता के विजेता हुए सम्मानित
Cbn36 सूरजपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर सूरजपुर के अग्रसेन स्टेडियम ग्राउंड में जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस दौरान राज्यगीत का गायन भी हुआ। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम “सशक्त नारी, युवा उड़ान” रखी गई।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का स्थापना दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ महतारी की अस्मिता, समृद्ध संस्कृति और स्वाभिमान का प्रतीक है। प्रदेश अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण कर 27वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने पृथक छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले पुरखों को नमन किया।
मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी लोककला, लोकसंस्कृति और जनजातीय परंपराओं के लिए देशभर में विशिष्ट पहचान रखता है। आज प्रदेश विकास के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शासन की योजनाओं का लाभ दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने के साथ आदिवासी एवं वंचित वर्गों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने सूरजपुर जिले के विकास में सभी नागरिकों से सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि जनजातीय संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण करते हुए जिले को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने भी राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सशक्त नारी और युवा उड़ान की थीम महिला सशक्तिकरण तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित सूरजपुर के निर्माण में सभी से योगदान देने की अपील की। वहीं कलेक्टर रेना जमील ने जिले में हुए विकास कार्यों, उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी दी।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित
समारोह में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों तथा पुलिस विभाग के कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पाक कला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बबली को 3100 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली रानी गुप्ता को 2100 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली कमला गुप्ता को 1100 रुपये की नकद राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
विभागीय प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिला पंचायत को प्रथम, स्वास्थ्य विभाग को द्वितीय तथा शिक्षा एवं राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान मिला। विजेता विभागों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। कुर्सी दौड़ और रस्साकशी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।
छत्तीसगढ़ी व्यंजनों और लोकनृत्य ने बांधा समां
राज्योत्सव में आयोजित पाक कला प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों की विशेष झलक देखने को मिली। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित अतिथियों ने व्यंजनों का स्वाद चखकर प्रतिभागियों के हुनर की सराहना की। समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया, जहां शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी दी गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्कूली बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कर्मा नृत्य के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति, विकास और एकता का संदेश दिया गया। आमंत्रित कलाकारों ने लोकगीतों एवं पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में उत्साह का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष रेखा लाल राजवाड़े, कलेक्टर रेना जमील, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र पाटले, अपर कलेक्टर नयनतारा सिंह तोमर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर जिला प्रशासन की ओर से मंत्री एवं अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
प्रधान संपादक