Explore

Search

November 3, 2026 6:03 pm

स्पेन में प्रवासी भारतीयों से मिले केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, ‘होला मोदी’ कार्यक्रम की उठी मांग

कैटेलोनिया में भारतीय समुदाय ने रखीं पांच प्रमुख मांगें, बार्सिलोना में मंदिर निर्माण और भारत से सीधी हवाई सेवा शुरू करने का भी आग्रह

CBN36 बार्सिलोना। स्पेन में भारतीय संस्कृति की खुशबू बिखेर रहे प्रवासी भारतीयों से केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने कैटेलोनिया में मुलाकात कर संवाद किया। इस दौरान भारत और स्पेन के बीच सांस्कृतिक, आर्थिक और सामाजिक संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्पेन यात्रा कराने और अमेरिका के ‘हाउडी मोदी’ की तर्ज पर स्पेन में ‘होला मोदी’ कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया।

कैटेलोनिया क्षेत्र में करीब 35 हजार भारतीय मूल के लोग रहते हैं। इनमें पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, केरल और तमिलनाडु सहित विभिन्न राज्यों के लोग शामिल हैं। प्रवासी भारतीयों ने दुर्गा पूजा, दीपावली, गणेशोत्सव और ओणम जैसे त्योहारों के आयोजन के माध्यम से विदेश में भी भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखा है।

भारत-स्पेन संबंधों को नई ऊंचाई देने पर जोर

केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेश नीति को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। भारत और स्पेन के बीच वर्ष 1956 में स्थापित राजनयिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे हो रहे हैं। दोनों देशों के बीच रक्षा, व्यापार, निवेश, नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यटन, शहरी विकास और डिजिटल तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग की व्यापक संभावनाएं हैं।

उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय दोनों देशों के बीच मजबूत सेतु का काम कर रहे हैं। अपनी प्रतिभा, मेहनत और उद्यमशीलता से वे विदेशों में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने के साथ ही भारतीय संस्कृति और मूल्यों को भी आगे बढ़ा रहे हैं।

‘हाउडी मोदी’ की तर्ज पर ‘होला मोदी’ कराने की मांग

भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों ने मुलाकात के दौरान पांच प्रमुख मांगें रखीं। इनमें बार्सिलोना में मंदिर निर्माण के लिए सहयोग, भारत और बार्सिलोना के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू करने तथा भारतीय संस्कृति, योग और अध्यात्म के प्रचार-प्रसार के लिए विवेकानंद केंद्र की स्थापना शामिल है।

इसके अलावा समुदाय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्पेन आमंत्रित करने की मांग की। प्रतिनिधियों ने अमेरिका में आयोजित ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम की तर्ज पर स्पेन में भी ‘होला मोदी’ कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी स्पेन में रहने वाला भारतीय समुदाय स्वयं उठाने को तैयार है।

पंजाब में नशे की समस्या पर जताई चिंता

प्रवासी भारतीयों ने पंजाब में बढ़ती नशे की समस्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने युवाओं को नशे से बचाने, नशामुक्ति अभियान को प्राथमिकता देने और उनके सुरक्षित भविष्य के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की।

केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने समुदाय की सभी मांगों और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय अपनी कर्मभूमि में रहते हुए भी मातृभूमि की संस्कृति, संस्कार और विकास यात्रा से जुड़े हुए हैं। उनकी भागीदारी भारत और स्पेन के बीच आपसी विश्वास, सांस्कृतिक आत्मीयता और आर्थिक सहयोग को नई मजबूती दे सकती है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS