
केएनआर के नए कॉन्ट्रैक्ट पैच और नीलकंठ फेस का किया निरीक्षण, अधिकारियों व संविदा एजेंसियों के साथ मंथन
CBN36 कोरबा, 11 अक्टूबर। कोयला उत्पादन में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य हासिल करने की दिशा में कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन बी. साईराम ने रविवार को एसईसीएल की कुसमुंडा मेगा परियोजना का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने खदान के विभिन्न माइनिंग पैचों का दौरा कर कोयला उत्पादन, ओवरबर्डन रिमूवल (ओबीआर) और खनन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान संशोधित उत्पादन लक्ष्य हासिल करने के लिए जरूरी कार्ययोजना, परिचालन संबंधी चुनौतियों और उनके समाधान पर अधिकारियों व संबंधित हितधारकों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।
चेयरमैन श्री साईराम ने दौरे की शुरुआत कुसमुंडा खदान के व्यू पॉइंट से की। यहां उन्होंने खदान में चल रही गतिविधियों का अवलोकन किया। इसके बाद विभागीय माइनिंग पैच पहुंचकर उत्पादन की स्थिति और खनन कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने केएनआर के नए कॉन्ट्रैक्ट पैच का भी निरीक्षण किया और वहां संचालित खनन गतिविधियों की समीक्षा की। इसके अलावा नीलकंठ फेस में कोल फेस की स्थिति, कोयला एक्सपोजर और खनन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
उत्पादन लक्ष्य हासिल करने पर फोकस

निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ने कुसमुंडा परियोजना के निर्धारित उत्पादन लक्ष्य को हासिल करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने उत्पादन बढ़ाने में आ रही बाधाओं, परिचालन संबंधी चुनौतियों और उनके प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक कदमों की समीक्षा की। अधिकारियों के साथ चर्चा में खनन गतिविधियों की गति बढ़ाने, कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित करने और निर्धारित लक्ष्यों की दिशा में प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।
उत्कृष्ट कर्मियों का बढ़ाया उत्साह
दौरे के दौरान श्री साईराम ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया। उन्होंने कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया। इस पहल के जरिए बेहतर कार्य प्रदर्शन और उत्पादन संबंधी लक्ष्यों की प्राप्ति में कर्मचारियों की भूमिका को प्रोत्साहित किया गया।
अधिकारियों और संविदा एजेंसियों के साथ मंथन
फील्ड निरीक्षण के बाद चेयरमैन ने कुसमुंडा क्षेत्र के अधिकारियों, संविदा एजेंसियों के प्रतिनिधियों और अन्य संबंधित हितधारकों के साथ बैठक की। बैठक में उत्पादन लक्ष्य की प्राप्ति, खनन कार्यों में समन्वय, परिचालन संबंधी चुनौतियों और कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा हुई।
बैठक में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। इस दौरान निदेशक तकनीकी (संचालन) रमेश चन्द्र महापात्र, निदेशक तकनीकी (योजना एवं परियोजना) नृपेन्द्र नाथ सहित कुसमुंडा क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कोल इंडिया चेयरमैन के इस दौरे को कुसमुंडा मेगा परियोजना में उत्पादन की समीक्षा, परिचालन संबंधी बाधाओं की पहचान और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए कार्ययोजना को गति देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रधान संपादक