Explore

Search

October 11, 2026 11:45 pm

‘ज्ञानेश कुमार हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ आंदोलन में शामिल होने बिलासपुर के कांग्रेस नेता दिल्ली रवाना

12 अक्टूबर को इंडिया गठबंधन के साथ दिल्ली में होगा बड़ा प्रदर्शन, छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी होंगे शामिल

CBN36 बिलासपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर छत्तीसगढ़ के कांग्रेस विधायक, प्रदेश पदाधिकारी एवं जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष दिल्ली रवाना हो रहे हैं। दिल्ली में आयोजित होने वाले आंदोलन में शामिल होकर कांग्रेस नेता ‘ज्ञानेश कुमार हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ का नारा बुलंद करेंगे।

इसी क्रम में बिलासपुर जिले से कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री तथा शहर कांग्रेस अध्यक्ष भी दिल्ली रवाना हुए। विधायक अटल श्रीवास्तव सोमवार को शाम 4 बजे की फ्लाइट से अपने विधायक साथियों के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुए। उनके साथ पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंस, अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह सहित अन्य कांग्रेस विधायक भी शामिल रहे।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अभय नारायण राय ने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में कांग्रेस लगातार लोकतंत्र की रक्षा के मुद्दे को लेकर आवाज उठा रही है। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर से दिल्ली में ‘ज्ञानेश कुमार हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ के नारे के साथ प्रदर्शन किया जा रहा है।

राय के अनुसार, 12 अक्टूबर को दिल्ली में कांग्रेस, इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ मिलकर बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। इसमें शामिल होने के लिए देशभर के सांसदों, विधायकों, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों, प्रदेश पदाधिकारियों और जिला कांग्रेस अध्यक्षों को दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया गया है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और पदाधिकारी प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में दिल्ली पहुंचकर इस आंदोलन में भाग लेंगे। कांग्रेस का कहना है कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और लोकतंत्र की रक्षा के मुद्दे पर यह आंदोलन महत्वपूर्ण है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS