Explore

Search

October 10, 2026 5:50 pm

साइबर जागरूकता में रायगढ़ पुलिस का नवाचार छाया, प्रदेश स्तर पर मिला सम्मान

11 राज्यों से 162 प्रविष्टियां, रूस से भी आई फिल्म; 350 से अधिक कार्यक्रमों से दो लाख लोगों तक पहुंचा साइबर सुरक्षा का संदेश

CBN36 रायगढ़, 10 अक्टूबर। साइबर अपराधों के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के लिए रायगढ़ पुलिस की अभिनव पहल को प्रदेश स्तर पर सम्मान मिला है। युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित लघु फिल्म प्रतियोगिता को प्रदेश के आठ अनूठे नवाचारों में शामिल किया गया। रायपुर में आयोजित साइबर जागृति अभियान अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री, गृहमंत्री और पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने रायगढ़ पुलिस को सम्मानित किया।

क्या कहा एसएसपी ने

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में रायगढ़ पुलिस ने 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक संचालित साइबर जागृति अभियान के दौरान जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों, औद्योगिक संयंत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर 350 से अधिक कार्यक्रमों के जरिए लोगों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान करीब 37 हजार साइबर जागरूकता सेल्फी प्रविष्टियां दर्ज की गईं और लगभग दो लाख लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया।

11 राज्यों के प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा

युवाओं को साइबर जागरूकता अभियान से जोड़ने के लिए आयोजित लघु फिल्म प्रतियोगिता में देश के 11 राज्यों से 162 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। प्रतियोगिता में रूस से भी एक फिल्म भेजी गई। ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध और डिजिटल सुरक्षा जैसे विषयों पर आधारित इस पहल ने युवाओं को रचनात्मक माध्यम से जागरूकता फैलाने का अवसर दिया।

‘द साइबर ट्रैप’ ने दिया साइबर सुरक्षा का संदेश

रायगढ़ पुलिस ने साइबर जागरूकता पर आधारित ‘द साइबर ट्रैप’ नामक लघु फिल्म का निर्माण भी किया। युवा निर्देशक ऋभू समर्थ सिंह ने इसकी कहानी और निर्देशन की जिम्मेदारी संभाली। प्रतियोगिता के समापन समारोह में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग हुई, जिसे अतिथियों के साथ दो हजार से अधिक स्कूली विद्यार्थियों ने देखा। प्रतियोगिता की दोनों श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाली टीमों को पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। विजेताओं को वित्त मंत्री ओपी चौधरी और दुर्ग सांसद विजय बघेल ने पुरस्कृत किया।

रायगढ़ पुलिस की इस पहल को प्रदेश के आठ अनूठे नवाचारों में स्थान मिलना साइबर जागरूकता के लिए रचनात्मक और जनभागीदारी आधारित प्रयासों की पहचान है। यह पहल बताती है कि युवाओं की भागीदारी और आधुनिक संचार माध्यमों के जरिए साइबर अपराधों से बचाव का संदेश अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS