Explore

Search

October 8, 2026 10:26 am

सीजी रास गरबा में दिखेगा छत्तीसगढ़ी संस्कृति का रंग

11-12 अक्टूबर को अशोक नगर में भव्य आयोजन, 20 हजार की क्षमता वाले परिसर में गरबा; सुरक्षा और व्यवस्था संभालेंगे 150 वॉलंटियर्स

CBN36 बिलासपुर। नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही शहर में गरबा की धूम शुरू होने जा रही है। छत्तीसगढ़ी संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा और भक्ति के रंग में रंगा सीजी रास गरबा 11 और 12 अक्टूबर को अशोक नगर रोड, बिरकोना बायपास स्थित राज कंस्ट्रक्शन के सामने आयोजित होगा। लगातार चौथे वर्ष होने जा रहे इस आयोजन को इस बार पहले से बड़े स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। करीब चार एकड़ में आयोजन स्थल तैयार किया गया है, जहां लगभग 20 हजार लोगों की क्षमता है। इसी के अनुरूप प्रवेश पास जारी किए जाएंगे।

आयोजन की जानकारी देने आयोजित प्रेसवार्ता में आयोजक राहुल साहू ने बताया कि पिछले वर्षों में पार्किंग को लेकर सामने आई समस्याओं को देखते हुए इस बार वाहनों के लिए अलग और पर्याप्त व्यवस्था की गई है। कार और दोपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, ताकि आयोजन के दौरान मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित न हो।

पहले दिन अंकिता सोन, दूसरे दिन पूजा गौर

सीजी रास गरबा में दोनों दिन विशेष आकर्षण भी रहेगा। आयोजकों के अनुसार, 11 अक्टूबर को मिस फेमिना इंडिया छत्तीसगढ़ अंकिता सोन विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वहीं 12 अक्टूबर को टीवी अभिनेत्री पूजा गौर गरबा आयोजन में शामिल होंगी। पूजा गौर को टीवी सीरियल मन की आवाज प्रतिज्ञा से पहचान मिली है।

गरबा के साथ छत्तीसगढ़ी संस्कृति का संदेश

राहुल साहू ने बताया कि सीजी रास गरबा का उद्देश्य केवल गरबा आयोजन तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा और स्थानीय पहचान को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों को विशेष रूप से छत्तीसगढ़ी पारंपरिक परिधान में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

आयोजन में लाइव बैंड के साथ गरबा होगा और भक्ति एवं गरबा गीतों को प्राथमिकता दी जाएगी। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि अश्लील अथवा अभद्र गीतों को आयोजन में स्थान नहीं दिया जाएगा।

पांच गेट, 150 वॉलंटियर्स और मेडिकल टीम

बड़ी संख्या में लोगों की संभावित मौजूदगी को देखते हुए प्रवेश और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। आयोजन स्थल पर करीब 150 वॉलंटियर्स तैनात रहेंगे। पांच प्रवेश गेट बनाए गए हैं। महिलाओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन व्यवस्था भी रहेगी।

आपात स्थिति से निपटने के लिए आयोजन स्थल पर मेडिकल टीम के साथ एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी। आयोजकों के अनुसार सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

ग्रुप, फैमिली और कपल पास की व्यवस्था

सीजी रास गरबा के पास ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध होंगे। ग्रुप, फैमिली और कपल पास की व्यवस्था की गई है। पास लेने वाले लोगों को व्हाट्सऐप सहित अन्य माध्यमों से कन्फर्मेशन की जानकारी दी जाएगी। आयोजकों ने बताया कि परिसर की निर्धारित क्षमता को ध्यान में रखते हुए ही पास जारी किए जाएंगे।

प्रेसवार्ता में अभिलाष पांडे और स्नेहा थवाइत भी उपस्थित रहे। आयोजकों ने शहरवासियों से परिवार सहित आयोजन में शामिल होकर गरबा के साथ छत्तीसगढ़ी संस्कृति के इस उत्सव का आनंद लेने की अपील की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

CRIME NEWS

BILASPUR NEWS