
दो स्वर्ण, चार रजत और एक कांस्य पदक पर जमाया कब्जा; बिलासपुर के खिलाड़ियों ने जीते दो रजत और एक कांस्य
CBN36 बिलासपुर। मध्यप्रदेश के इंदौर में 2 से 4 अक्टूबर तक आयोजित 40वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर क्योरुगी, 14वीं राष्ट्रीय पुम्से, 43वीं राष्ट्रीय जूनियर क्योरुगी एवं 16वीं राष्ट्रीय पुम्से ताइक्वांडो प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 52 सदस्यीय दल ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए कुल सात पदक हासिल किए।
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण, चार रजत और एक कांस्य पदक जीते। इनमें जशपुर की सानिया महंत ने अंडर-48 किलोग्राम जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं दुर्ग की कुसमिता साहू ने अंडर-20 किलोग्राम सब-जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।
बिलासपुर के खिलाड़ियों ने तीन पदक अपने नाम किए। नमन पांडे ने अंडर-59 किलोग्राम जूनियर वर्ग में रजत, प्रचीति छत्री ने ओवर-68 किलोग्राम जूनियर वर्ग में रजत तथा श्रेया मिश्रा ने पुम्से इवेंट में कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा रायगढ़ की एम.एस. सियोना ने सब-जूनियर अंडर-32 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता। प्रदेश के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से ताइक्वांडो जगत में हर्ष का माहौल है।
विशेष रूप से बिलासपुर की श्रेया मिश्रा ने पुम्से स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल कर जिले के साथ पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया। पुम्से तकनीकी दक्षता और कौशल पर आधारित स्पर्धा है, जिसमें राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल करना खिलाड़ी की निरंतर मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को दर्शाता है।
छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ के महासचिव रामपुरी गोस्वामी ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच पूरे आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ खेल का प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय स्तर पर सात पदक हासिल करना छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि राज्य में ताइक्वांडो को जमीनी स्तर से मजबूत करने के लिए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं में अधिक अवसर और आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश के खिलाड़ियों का लगातार बेहतर प्रदर्शन ताइक्वांडो के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है। पदक विजेताओं के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को भी उन्होंने शुभकामनाएं दीं।
संघ के संरक्षक धरमलाल कौशिक, अध्यक्ष मनोज भिवगड़े, उपाध्यक्ष रामदेव कुमावत एवं सलाम रिजवी, कोषाध्यक्ष राकेश पुरी गोस्वामी सहित संघ के पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं टीम के सदस्यों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रधान संपादक