Explore

Search

October 6, 2026 2:17 am

एसएसपी के निर्देश पर ऑपरेशन आघात का शिकंजा, 72 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

“चार दिन में एक टन से ज्यादा गांजा जब्त, नशे के कारोबार से जुड़ी संपत्ति पर भी कार्रवाई,एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह बोले-नशे के कारोबार को किसी कीमत पर बढ़ावा नहीं,चार दिन में 1.14 टन से ज्यादा गांजा जब्त”

CBN36 जशपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन आघात लगातार तेज होता जा रहा है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश और नेतृत्व में पुलिस ने चार दिनों के भीतर तीसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतबा क्षेत्र में 72 किलो 340 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल मारुति स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन समेत करीब 41 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार को करीब 11 बजे कोतबा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से एक व्यक्ति स्विफ्ट कार में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर जशपुर की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने संभावित मार्ग पर घेराबंदी शुरू कर दी।

जामझोर के पास पकड़ी गई कार

पुलिस टीम ने ग्राम जामझोर के पास संदिग्ध स्विफ्ट कार क्रमांक OD-23-E-8034 को रोककर तलाशी ली। कार से दो बोरियों में प्लास्टिक टेप से पैक किए गए 70 पैकेट मिले। जांच और तौल के बाद इनमें 72 किलो 340 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा, कार और मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी रोहित यादव (35), निवासी ग्राम जामझोर, दर्रा पारा, चौकी कोतबा को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ चौकी कोतबा, थाना बागबहार में अपराध क्रमांक 93/2026 के तहत धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।

पहले भी गांजा तस्करी में रहा है आरोपी

एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि रोहित यादव पहले भी मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ कोतबा चौकी में दर्ज दो मामलों में क्रमश: 20.570 किलो और 13.430 किलो गांजा बरामद हुआ था। अंबिकापुर सिटी कोतवाली क्षेत्र में भी उसके खिलाफ दर्ज दो मामलों में 23.630 किलो और 82 किलो गांजा बरामद किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, इन मामलों को देखते हुए आरोपी की नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति की जांच की गई थी। सफेमा एक्ट के तहत उसकी कार और बाइक सहित 40 लाख रुपये से अधिक कीमत की संपत्ति पूर्व में फ्रीज कराई जा चुकी है। इसके बावजूद आरोपी दोबारा गांजा तस्करी में सक्रिय मिला।

चार दिन में 1.14 टन से ज्यादा गांजा जब्त

ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस की लगातार कार्रवाई का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिछले चार दिनों में कुल 01 टन 145 किलो 350 ग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 72 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा तस्करी में इस्तेमाल तीन वाहन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है।

जिले की सीमाओं पर उड़ीसा और झारखंड की ओर से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस विशेष निगरानी रख रही है। मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जा रही है।

एसएसपी बोले-नशे के कारोबार को किसी कीमत पर बढ़ावा नहीं

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही इस कारोबार से अर्जित संपत्ति की पहचान कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी सिंह के निर्देशन में चल रही इस कार्रवाई में डीएसपी शुभम तिवारी, एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बृजेश यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS