Explore

Search

October 4, 2026 9:14 pm

ऑपरेशन शंखनाद: 29 गौवंश तस्करों के चंगुल से मुक्त, तीन गिरफ्तार

“एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौवंशों की अवैध तस्करी, परिवहन और इससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी,तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है”

CBN36 जशपुर। गौवंशों की अवैध तस्करी और परिवहन के खिलाफ जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। सोनक्यारी और सिटी कोतवाली पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में पुलिस ने कुल 29 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। सोनक्यारी पुलिस ने 17 गौवंशों को जंगल के रास्ते झारखंड ले जा रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, सिटी कोतवाली पुलिस ने तड़के करीब तीन बजे जंगल के रास्ते झारखंड ले जाए जा रहे 12 गौवंशों को मुक्त कराया। इस दौरान तस्कर अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जिले में गौवंशों की अवैध तस्करी, परिवहन और इससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

जंगल के रास्ते 17 गौवंश झारखंड ले जाने की तैयारी

सोनक्यारी पुलिस को तीन अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ग्राम गीधा के भंवरकोना जंगल के रास्ते 17 गौवंशों को पैदल झारखंड ले जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जंगल में घेराबंदी की। इस दौरान 17 गौवंशों के साथ बालमुकुंद (26), निवासी धौरापाठ, थाना सन्ना को पकड़ा गया।

पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह गौवंशों को ग्राम पंड्रापाठ निवासी पंचू यादव से लेकर झारखंड के गुमला जिले के डुमरी थाना क्षेत्र के दोनापाठ निवासी गुगुल अहिर के पास ले जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने पंचू यादव और गुगुल अहिर को भी गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

तड़के तीन बजे 12 गौवंश मुक्त

दूसरी कार्रवाई में चार अक्टूबर की तड़के करीब तीन बजे सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग जरिया-भभरी जंगल के रास्ते गौवंशों को पैदल झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। पुलिस टीम ने तत्काल जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की।

पुलिस को देखकर तस्कर 12 गौवंशों को छोड़कर अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस ने सभी 12 गौवंशों को सुरक्षित मुक्त करा लिया। पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों और मार्गों पर पतासाजी की जा रही है।

तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

सोनक्यारी मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बालमुकुंद, पंचू यादव और गुगुल अहिर के रूप में हुई है। दोनों मामलों में संबंधित थानों में छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।सोनक्यारी से 17 और सिटी कोतवाली क्षेत्र से 12 समेत कुल 29 गौवंश सुरक्षित मुक्त कराए गए हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS