Explore

Search

October 4, 2026 8:40 pm

लावाकेरा में 6.32 क्विंटल गांजा पकड़ा, बोतलों की आड़ में चल रही थी तस्करी

“उड़ीसा से उत्तर प्रदेश जा रही थी खेप, आईसर ट्रक समेत 3.41 करोड़ रुपये का माल जब्त; बहराइच का तस्कर गिरफ्तार,एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह ने कहा तस्करी के पूरे नेटवर्क को खंगालेंगे”

CBN36 जशपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस ने उड़ीसा से उत्तर प्रदेश जा रहे टाटा आईसर ट्रक से 632 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद किया। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को खाली बोतलों से भरी बोरियों के नीचे छिपा रखा था। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के बहराइच निवासी विनोद कुमार गुप्ता (42) को गिरफ्तार किया है। गांजा, ट्रक, मोबाइल और नकदी समेत कुल 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपये की जप्ती की गई है।उक्त जानकारी देते हुए एसएसपी आईपीएस डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि

संदिग्ध आईसर ट्रक को रोककर जांच

पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम उड़ीसा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान टाटा आईसर ट्रक क्रमांक UP-47-AT-9839 को संदेह के आधार पर रोका गया।

ट्रक की तलाशी के दौरान ऊपर की तरफ खाली बोतलों की शीशियों से भरी बोरियां रखी मिलीं। पुलिस को संदेह होने पर इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की गई। इनमें टेप से लिपटे पैकेट मिले। पैकेट खोलने पर उनमें गांजा बरामद हुआ।

20 बोरियों में मिले 597 पैकेट

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में ट्रक की तलाशी ली। कुल 20 बोरियों में 597 पैकेट मिले, जिनमें गांजा भरा हुआ था। इसका कुल वजन 632 किलो 380 ग्राम (632.380 किलो) पाया गया।

ट्रक में मौजूद संदिग्ध व्यक्ति से गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पूछताछ में उसने अपना नाम विनोद कुमार गुप्ता, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम बेरिया खलीलपुर, थाना देहात कोतवाली, जिला बहराइच (उत्तर प्रदेश) बताया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजे की खेप उड़ीसा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था।

गांजे की कीमत 3.16 करोड़, ट्रक भी जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 632.380 किलो गांजा, तस्करी में इस्तेमाल टाटा आईसर ट्रक, दो मोबाइल फोन और 3,000 रुपये नकद जब्त किए हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपये, ट्रक की कीमत करीब 25 लाख रुपये और मोबाइल फोन की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है। नकदी समेत कुल जप्ती 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपये की है।

मामले में थाना तपकरा में अपराध क्रमांक 87/2026, धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

गांजा कहां से आया, किसे पहुंचाना था-जांच शुरू

पुलिस अब गांजे की पूरी सप्लाई चेन खंगाल रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से खरीदा गया था, उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति को इसकी खेप पहुंचाई जानी थी और तस्करी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक मामले की एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है। तस्करी में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

दो दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई

लावाकेरा में जशपुर पुलिस की यह लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 2 अक्टूबर को एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम ने टाटा आईसर मिनी ट्रक से 440.630 किलो गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया था।

लगातार दो बड़ी कार्रवाइयों से उड़ीसा सीमा से जशपुर जिले में प्रवेश करने वाले संदिग्ध वाहनों पर पुलिस की कड़ी निगरानी का असर सामने आया है।

आईजी के निर्देश पर लगातार कार्रवाई

सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा ने रेंज के सभी जिलों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय तथा सूचनाओं के आदान-प्रदान के साथ कार्रवाई की जा रही है।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन तथा डीएसपी शुभम तिवारी और एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

गांजा बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी में डीएसपी शुभम तिवारी, एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी, थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, प्रधान आरक्षक मोहन बंजारे, प्रेम सिंह, आरक्षक नंदलाल यादव, अविनाश सोनी, रोशन पैंकरा, बलराम पैंकरा, कृष्णा राम, शिवशंकर राम और विनोद तिर्की सहित एंटी नारकोटिक्स टीम एवं थाना तपकरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

तस्करी के पूरे नेटवर्क को खंगालेंगे

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस की सतर्कता और बेहतर समन्वय से छह क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया गया है। तस्करों ने खाली बोतलों से भरी बोरियों के नीचे गांजा छिपाकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश की थी, लेकिन उनकी योजना कामयाब नहीं हो सकी।

उन्होंने कहा कि मामले में गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच की जा रही है। कार्रवाई में शामिल अधिकारी-कर्मचारियों को नकद पारितोषिक से पुरस्कृत किया जाएगा। जशपुर पुलिस नशे के खिलाफ पूरी दृढ़ता और निरंतरता के साथ कार्रवाई जारी रखेगी और नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS