Explore

Search

October 4, 2026 5:57 pm

अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, छह बाइक बरामद

हैदराबाद में छिपे मुख्य आरोपी को साइबर सेल की मदद से दबोचा, दो गिरफ्तार; एक आरोपी फरार

“एसपी गौरव राय के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है”

CBN36 बलौदाबाजार-भाटापारा। कसडोल पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर बलौदाबाजार, रायपुर, महासमुंद और जांजगीर-चांपा जिले से चोरी की गई छह मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 1.80 लाख रुपये बताई गई है। मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम अर्जुनी निवासी चैतुसिंग पैकरा ने कसडोल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 मार्च 2026 की रात करीब 12 बजे उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 CW 8512 घर के सामने खड़ी की थी, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

तकनीकी विश्लेषण से मिला सुराग

मामले की जांच के दौरान कसडोल पुलिस और साइबर सेल की टीम ने तकनीकी विश्लेषण के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच में मुख्य आरोपी खगेश कुमार निर्मलकर उर्फ चांटी के वारदात के बाद हैदराबाद भागकर छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद साइबर सेल की तकनीकी टीम की मदद से पुलिस ने हैदराबाद में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।

पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर अर्जुनी के अलावा भाटागांव बस स्टैंड रायपुर, महासमुंद बस स्टैंड, धरसीवां, गिधोरी बस स्टैंड और मेंऊ भांटा (पामगढ़) से दुपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। चोरी की गाड़ियों को छिपाने और बेचने में उसके साथी यश कुमार साहू की संलिप्तता भी सामने आई।

छह चोरी की बाइक बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने छह दुपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनमें अर्जुनी से चोरी हुई काला-लाल रंग की HF डीलक्स, रायपुर के भाटागांव बस स्टैंड से चोरी एक्टिवा, पामगढ़ क्षेत्र के मेंऊ भांटा से चोरी नीली HF डीलक्स, गिधोरी बस स्टैंड से चोरी स्प्लेंडर, धरसीवां से चोरी HF डीलक्स और महासमुंद से चोरी HF डीलक्स शामिल हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों खगेश कुमार निर्मलकर उर्फ चांटी (30) निवासी डमरू और यश कुमार साहू (21) निवासी डमरू, थाना कसडोल को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ BNS की धारा 303(2), 317(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS