Explore

Search

October 4, 2026 5:56 pm

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे पर एसएसपी शशि मोहन सिंह की सख्ती, ऑपरेशन अंकुश में सटोरिया गिरफ्तार,सट्टे के कारोबार पर रहेगी पैनी नजर

मोबाइल से लाइव मैच पर हार-जीत का दांव लगवाते पकड़ा गया आरोपी, Vivo V60 जब्त; खाईवाल तक पहुंचने में जुटी पुलिस

CBN36 रायगढ़, 4 अक्टूबर। जिले में जुआ-सट्टा और खासकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन अंकुश’ लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने बोईरदादर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से Vivo V60 मोबाइल फोन जब्त किया है। मोबाइल की जांच में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा साइट संचालित किए जाने के डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी और नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क पर लगातार नजर रख रही है। पुलिस पूर्व में सट्टे के मामलों में पकड़े गए आरोपियों के क्राइम रिकॉर्ड, उनकी गतिविधियों और डिजिटल फुटप्रिंट का भी बारीकी से विश्लेषण कर रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।

गुरुकृपा प्रोविजन स्टोर के पास दबिश

पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को चक्रधरनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बोईरदादर शालिनी स्कूल रोड स्थित गुरुकृपा प्रोविजन स्टोर के पास एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट मैच पर हार-जीत का दांव लगवाकर सट्टा खिला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदेही पंकज जय सिंह, पिता गोविंद राम जय सिंह, निवासी सिंधी कॉलोनी पक्की खोली, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़ को पकड़ लिया।

पूछताछ और जांच में उसके मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाए जाने की बात सामने आई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह करीब एक वर्ष से क्रिकेट सट्टे के कारोबार से जुड़ा हुआ है। पुलिस के अनुसार, उसके विरुद्ध पूर्व में भी सीएसपी रायगढ़ श्री मयंक मिश्रा द्वारा कार्रवाई की जा चुकी है।

UPI से लेन-देन, मुख्य खाईवाल को भेजता था रकम

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सट्टे की रकम UPI के माध्यम से प्राप्त कर मुख्य खाईवाल को ऑनलाइन भेजता था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक Vivo V60 मोबाइल फोन जब्त किया। मोबाइल की Google Chrome हिस्ट्री में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा साइट की लिंक संचालित किए जाने के साक्ष्य भी मिले हैं।

मामले में आरोपी के विरुद्ध धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को रिमांड पर भेजा जा रहा है। पूछताछ में पुलिस को खाईवाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी भी मिली है, जिसके आधार पर आगे की विवेचना की जा रही है।

पुराने आरोपियों के डिजिटल फुटप्रिंट पर भी नजर

ऑपरेशन अंकुश के तहत रायगढ़ पुलिस सट्टे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए पुराने आरोपियों की गतिविधियों पर भी निगरानी रख रही है। पुलिस ऐसे मामलों में आरोपियों के क्राइम रिकॉर्ड, संपर्कों और डिजिटल फुटप्रिंट का विश्लेषण कर रही है। पुलिस का फोकस केवल सट्टा खिलाने वालों तक सीमित नहीं है, बल्कि सट्टे के नेटवर्क से जुड़े खाईवाल और अन्य लोगों तक पहुंचने पर भी है।

कार्रवाई सिटी एसपी मयंक मिश्रा एवं सीएसपी राहुल उईके के मार्गदर्शन में एसआई गेंदलाल साहू, एएसआई आशिक रात्रे, आरक्षक संदीप कौशिक एवं आरक्षक मिनकेतन साहू द्वारा की गई।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा-सट्टे के कारोबार पर रहेगी पैनी नजर

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में जुआ-सट्टा एवं ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के अवैध कारोबार पर रायगढ़ पुलिस की निगरानी लगातार जारी है। सट्टे के कारोबार से जुड़े पुराने आरोपियों और उनके डिजिटल फुटप्रिंट पर भी नजर रखी जा रही है। अवैध सट्टा संचालन में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने और खेलने वालों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS