गांधी जयंती पर मुख्यमंत्री ने सत्य, अहिंसा और सादगी के संदेश को किया याद

नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
CBN36 रायपुर, 2 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और मानवता के मार्ग पर चलते हुए पूरी दुनिया को शांति और सद्भाव का संदेश दिया। उनके विचारों में समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और आत्मनिर्भर भारत की भावना निहित थी। गांधी का जीवन सत्य के मार्ग पर अडिग रहते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का स्मरण करते हुए कहा कि उनका सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। शास्त्री का दिया ‘जय जवान-जय किसान’ का मंत्र देश की सुरक्षा और समृद्धि में जवानों तथा किसानों के योगदान को रेखांकित करता है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और आदर्श देशवासियों को जनकल्याण, सुशासन और राष्ट्रसेवा के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे।
प्रधान संपादक




