Explore

Search

October 2, 2026 7:13 pm

एसपी विजय पांडेय की सख्ती;शुष्क दिवस पर शराब के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार

घर के भीतर चार लोहे के दरवाजों के पीछे बना रखा था शराब का ठिकाना, सुकली में महिला भी गिरफ्तार

CBN36 जांजगीर-चांपा। शुष्क दिवस पर शराब की अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई कर 134.6 लीटर अवैध शराब जब्त की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। अकलतरा में पुलिस ने घर के भीतर चार लोहे के दरवाजों के पीछे छिपाकर रखी गई अलग-अलग ब्रांड की शराब बरामद की, वहीं सिटी कोतवाली पुलिस ने सुकली में एक महिला के कब्जे से 30.6 लीटर कच्ची महुआ शराब पकड़ी। दोनों मामलों में आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

चार दरवाजों के पीछे छिपा था शराब का जखीरा

अकलतरा के वार्ड क्रमांक 13 में पुलिस को सूचना मिली कि प्रकाश भारद्वाज (42) शुष्क दिवस पर शराब की बिक्री की तैयारी में है। बताया गया कि उसने अपने घर के भीतर बने कमरे तक पहुंचने के लिए चार लोहे के दरवाजों के पीछे शराब छिपाकर रखी थी और किराना दुकान की आड़ में इसकी बिक्री की जा रही थी।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार कुल 334 नग शराब, मात्रा 104 लीटर और कीमत 56,560 रुपये है।

जब्ती में देशी प्लेन यूनिक, देशी प्लेन सुपर-36, गोवा स्पेशल व्हिस्की, रॉयल चैलेंज व्हिस्की और सिम्बा एक्स्ट्रा बीयर शामिल हैं। इसके साथ ही 28,615 रुपये बिक्री रकम और 10 हजार रुपये कीमत का वोल्टास फ्रिज भी जब्त किया गया। कुल जब्ती 95,175 रुपये की बताई गई है।

अकलतरा थाने में अपराध क्रमांक 593/26 के तहत धारा 34(2), 59(क) और 39(ग) आबकारी एक्ट में अपराध दर्ज कर आरोपी प्रकाश भारद्वाज को गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

बोरी में झिल्लियों के भीतर भर रखी थी महुआ शराब

सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम सुकली में दबिश देकर मधुलता दरवेश (35) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक महिला के कब्जे से एक बोरी में अलग-अलग झिल्लियों में भरी 30.6 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई।

पुलिस ने कुल 326 नग झिल्लियां, जिनमें करीब 100-100 एमएल शराब भरी थी, जब्त की। जब्त शराब की कीमत 3,060 रुपये बताई गई है। आरोपी महिला के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

शुष्क दिवस पर पुलिस की सख्ती

पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देश पर जिले में शुष्क दिवस के दौरान अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शुष्क दिवस का उल्लंघन कर शराब का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

अकलतरा कार्रवाई में एसडीओपी डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक जय साहू, उप निरीक्षक कमलदास बनर्जी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या कुर्रे सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।

सिटी कोतवाली की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, महिला आरक्षक रेखा यादव और आरक्षक दिलीप सिंह शामिल रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS