Explore

Search

September 30, 2026 6:16 pm

नवागढ़ में ग्रामीणों ने लिया पूर्ण शराबबंदी का संकल्प, अवैध शराब बेचने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस ने ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणाम बताए, घरघोड़ा थाना प्रभारी ने किया पहल का स्वागत

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की कार्रवाई से पूरी नहीं हो सकती। जब समाज और ग्रामीण स्वयं आगे आते हैं, तभी नशामुक्ति का अभियान मजबूत होता है। किसी गांव का स्वेच्छा से शराबबंदी का निर्णय लेना सामाजिक जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी का सकारात्मक उदाहरण है”

CBN36 रायगढ़। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस अब कार्रवाई के साथ सामुदायिक पुलिसिंग और जनजागरूकता पर भी जोर दे रही है। इसी क्रम में घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम नवागढ़ के ग्रामीणों ने गांव में पूर्ण शराबबंदी का सामूहिक संकल्प लिया। ग्रामीणों की इस पहल का घरघोड़ा पुलिस ने स्वागत किया है।

ग्राम नवागढ़ में शराबबंदी को लेकर आयोजित कार्यक्रम में घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि शराबबंदी का यह फैसला केवल नशे से दूर रहने तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण सामाजिक पहल है।

थाना प्रभारी ने कहा कि नशे के कारण सड़क दुर्घटनाओं के साथ ही घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद और अन्य अपराधों की स्थिति भी बनती है। उन्होंने ग्रामीणों से नशे से दूर रहने और गांव में शराबबंदी के संकल्प को प्रभावी रूप से लागू करने में सहयोग की अपील की।

अवैध शराब बेचने वालों को चेतावनी

पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराबबंदी के सामूहिक निर्णय के बाद यदि गांव में चोरी-छिपे अवैध शराब बनाने या बेचने की शिकायत मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

ग्रामीणों ने भी नशे के खिलाफ पुलिस के अभियान की सराहना करते हुए शराबबंदी के फैसले को प्रभावी बनाने में सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने अवैध शराब के कारोबार की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की बात कही।

रायगढ़ पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ गांव-गांव पहुंचकर नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्त गांव, सुरक्षित परिवार और अपराधमुक्त समाज की दिशा में आगे बढ़ना है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की कार्रवाई से पूरी नहीं हो सकती। जब समाज और ग्रामीण स्वयं आगे आते हैं, तभी नशामुक्ति का अभियान मजबूत होता है। किसी गांव का स्वेच्छा से शराबबंदी का निर्णय लेना सामाजिक जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी का सकारात्मक उदाहरण है। रायगढ़ पुलिस ऐसे प्रयासों में ग्रामीणों के साथ खड़ी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS