
पुलिस कार्यालय में हुआ भावभीना विदाई समारोह, एसपी गौरव राय ने कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन की सराहना की
CBN36 बलौदाबाजार। पुलिस विभाग में 35 वर्षों तक कर्तव्य, अनुशासन और निष्ठा के साथ सेवाएं देने के बाद सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) दिनेश कुमार शुक्ला बुधवार को शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में जिला पुलिस कार्यालय बलौदाबाजार में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और सहकर्मियों ने उनके सेवाकाल को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी और उनके सुखद एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की।
1991 में भर्ती, 35 साल तक निभाई जिम्मेदारी

एएसआई दिनेश कुमार शुक्ला 9 सितंबर 1991 को पीटीएस माना, रायपुर से पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। करीब साढ़े तीन दशक के सेवाकाल में उन्होंने पुलिस विभाग के विभिन्न पदों और थानों में जिम्मेदारियां निभाईं। 14 फरवरी 2009 को उन्हें प्रधान आरक्षक के पद पर पदोन्नति मिली, जबकि 31 दिसंबर 2021 को सहायक उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नत हुए।
रायपुर जिले से बलौदाबाजार-भाटापारा स्थानांतरण के बाद उन्होंने रक्षित केंद्र बलौदाबाजार और थाना भाटापारा शहर में सेवाएं दीं। सेवानिवृत्ति के समय वे थाना भाटापारा शहर में पदस्थ थे।
एसपी ने कहा– कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन की मिसाल
विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने एएसआई शुक्ला के सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पूरी निष्ठा, अनुशासन और तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। लंबे सेवाकाल के दौरान उनके योगदान को पुलिस विभाग हमेशा याद रखेगा।

समारोह में एएसआई शुक्ला को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिह्न और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राजेश श्रीवास्तव, रक्षित निरीक्षक उषा ठाकुर सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य मौजूद रहे। अधिकारियों और सहकर्मियों ने उन्हें सेवानिवृत्त जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रधान संपादक




