CBN36 रायपुर। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर एक से तीन नवंबर तक आयोजित होने वाले राज्योत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्योत्सव और राज्य अलंकरण समारोह की तैयारियों की विभागवार समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को तय समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने और विभागीय प्रदर्शनी की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि सभी विभाग 22 अक्टूबर तक अपनी तैयारियों और प्रदर्शनी से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराएं। राज्योत्सव को केंद्रीय थीम आधारित स्वरूप में आयोजित करने पर जोर देते हुए उन्होंने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ जैसे विषयों के साथ भविष्य की दिशा और विकास को प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
40 राज्य स्तरीय अलंकरण और पुरस्कार होंगे प्रदान
राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से 40 राज्य स्तरीय अलंकरण और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। बैठक में पुरस्कारों के चयन की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए गए। संस्कृति विभाग को राज्योत्सव के आयोजन के लिए नोडल विभाग बनाया गया है।
राज्य स्तरीय आयोजन नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम तूता स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (मेला ग्राउंड) में प्रस्तावित है।
विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
सीएसआईडीसी, एनआरडीए और लोक निर्माण विभाग को मेला स्थल का ले-आउट, स्टॉल आवंटन, विकास प्रदर्शनी, मुख्य मंच, डोम, पंडाल, बैठक व्यवस्था और बैरिकेडिंग की जिम्मेदारी दी गई है। जनसंपर्क विभाग और चिप्स प्रचार-प्रसार के साथ हाईटेक मीडिया सेंटर की व्यवस्था करेंगे।
नगर निगम रायपुर और एनआरडीए नागरिक सुविधाओं, सिटी बस, पेयजल और स्वच्छता की व्यवस्था संभालेंगे। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग सुरक्षा, यातायात, पार्किंग तथा अग्निशमन की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। स्वास्थ्य एवं ऊर्जा विभाग को चिकित्सा, एंबुलेंस और निर्बाध विद्युत आपूर्ति की जिम्मेदारी दी गई है।
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, पंचायत एवं गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार समेत विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
प्रधान संपादक




