एक आरोपी गिरफ्तार, 11.04 लाख रुपये की संपत्ति जब्त; झारखंड-ओडिशा ले जाने की थी तैयारी
CBN36 रायगढ़। जिले में गोवंश की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत लैलूंगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से तस्करी कर ले जाए जा रहे 13 गोवंश को मुक्त कराया। पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन समेत करीब 11.04 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
क्या कहा एसएसपी शशि मोहन सिंह ने
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग के पिकअप वाहन में मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर और क्रूरतापूर्वक भरकर झारखंड या ओडिशा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ ग्राम कुंजारा मेन रोड पर नाकेबंदी की।
दोपहर करीब 12:30 बजे घरघोड़ा की ओर से एक सफेद पिकअप वाहन क्रमांक T 0826 JH 4846 आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें 13 गोवंशचार गाय, आठ बछिया और एक बछुवा बंधे हुए मिले। पुलिस के मुताबिक मवेशियों को वाहन में क्रूरतापूर्वक भरा गया था।
वाहन चालक इमरान खान (29), पिता मुस्तकीम खान, निवासी केराडिह, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर से मवेशियों के परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पूछताछ में उसने मवेशियों को झारखंड-ओडिशा की ओर बूचड़खाने ले जाने की बात बताई।

पुलिस ने सभी 13 गोवंशों को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला। जब्त गोवंशों की अनुमानित कीमत 1.04 लाख रुपये और पिकअप वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल 11.04 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 305/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6, 10 और 11 में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मुक्त कराए गए गोवंशों को ग्राम झरन की गौशाला में चारा-पानी की व्यवस्था के साथ सुरक्षित रखा गया है।
कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में हुई। टीम में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैंकरा, आरक्षक इलियाजर टोप्पो और आरक्षक राजू कुमार तिग्गा शामिल रहे।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, ऑपरेशन शंखनाद के तहत जिले में गोवंश की अवैध तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध रूप से मवेशियों का परिवहन करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान संपादक




