Explore

Search

September 28, 2026 11:18 pm

रायगढ़ पुलिस का एक्शन: चोरी की स्कूटी बेचने की फिराक में घूम रहा युवक गिरफ्तार, अवैध शराब के कारोबार पर भी शिकंजा

ऑपरेशन आघात के तहत पुसौर में दो आरोपी गिरफ्तार, 11 लीटर से अधिक महुआ शराब जब्त; घरघोड़ा पुलिस ने पांच माह पुरानी स्कूटी चोरी का किया खुलासा

एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा–निर्देशन में जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने, चोरी गई संपत्ति की बरामदगी और अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है।

CBN 36 रायगढ़। जिले में चोरी और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में घरघोड़ा पुलिस ने करीब पांच माह पहले चोरी हुई स्कूटी बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पुसौर पुलिस ने ग्राम कोतमरा में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।

चोरी की स्कूटी बेचने ग्राहक तलाश रहा था आरोपी, मुखबिर की सूचना पर दबोचा

घरघोड़ा पुलिस ने स्कूटी चोरी के मामले में ग्राम बैहामुड़ा बोरपारा निवासी नवीन मिश्रा (24) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लगभग 35 हजार रुपये कीमत की पर्पल रंग की टीवीएस जुपिटर स्कूटी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक 10 घरघोड़ा निवासी विजया पंडा (51) ने चार अप्रैल 2026 को स्कूटी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि तीन अप्रैल की शाम करीब 7:45 बजे वह अपनी स्कूटी क्रमांक सीजी-13-एआर-0852 से हाई स्कूल ग्राउंड में टहलने गई थीं। इस दौरान उन्होंने स्कूटी वार्ड क्रमांक आठ स्थित टीचर कॉलोनी के पास खड़ी की थी। वापस लौटने पर स्कूटी गायब मिली। आसपास तलाश करने के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने अपराध क्रमांक 112/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने चोरी गई स्कूटी की तलाश में मुखबिरों को सक्रिय किया था।

इसी बीच 27 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि बैहामुड़ा बोरपारा निवासी नवीन मिश्रा चोरी की स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक और आरक्षक उद्धोराम पटेल ने दबिश देकर संदेही को पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। उसके मेमोरंडम के आधार पर बिना नंबर प्लेट लगी पर्पल रंग की टीवीएस जुपिटर स्कूटी बरामद कर जब्त की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर 28 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

बाढ़ प्रभावित इलाकों में पेट्रोलिंग के दौरान मिली अवैध शराब बिक्री की सूचना

इधर, पुसौर पुलिस ने ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत ग्राम कोतमरा में अवैध महुआ शराब के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाई की। महानदी के तटीय क्षेत्रों में बाढ़ प्रभावित गांवों की सुरक्षा व्यवस्था और पेट्रोलिंग के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन को कोतमरा में अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली थी।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अडानी रेलवे ओवरब्रिज के पास दबिश दी। यहां सफेद प्लास्टिक का थैला लेकर खड़े एक व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम गुलशन कुमार यादव (34), पिता ताराचंद यादव, निवासी कोतमरा बताया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से प्लास्टिक की बोतलों में रखी 5.500 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शराब बिक्री के लिए रखने की बात स्वीकार की। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

दूसरी दबिश में 31 पाउच महुआ शराब बरामद, एक और आरोपी गिरफ्तार

पुसौर पुलिस ने दूसरी कार्रवाई भी ग्राम कोतमरा में की। यहां लाल-सफेद प्लास्टिक का थैला लेकर मौजूद पुनीलाल निषाद (23), पिता ताराचंद निषाद, निवासी कोतमरा को पकड़ा गया।

तलाशी लेने पर उसके कब्जे से प्लास्टिक की पन्नियों में रखे 180 एमएल के 31 पाउच बरामद हुए। इनमें कुल 5.580 लीटर महुआ शराब थी, जिसकी अनुमानित कीमत 1,150 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 11.080 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। दोनों मामलों में क्रमशः अपराध क्रमांक 247/2026 और 258/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) में अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

घरघोड़ा में स्कूटी चोरी के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक और आरक्षक उद्धोराम पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं, पुसौर में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई में प्रधान आरक्षक डोल नारायण साव, प्रधान आरक्षक चन्द्रहास नायक और आरक्षक अमित नट ने अहम भूमिका निभाई।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS